वेतन भुगतान की मांग को लेकर सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन, डीपीआरओ पर अभद्रता का आरोप

वेतन भुगतान की मांग को लेकर सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन, डीपीआरओ पर अभद्रता का आरोप

10 जुलाई तक समस्या का समाधान न हुआ तो आन्दोलन-अजय आर्य

बस्ती। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ अध्यक्ष अजय आर्य ने बुधवार को जिलाधिकारी को सम्बोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपकर जिला पंचायत राज अधिकारी ‘डीपीआरओ’ पर सफाई कर्मचारियों और संगठन के पदाधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने, सामूहिक रूप से गाली देने का आरोप लगाया है। संघ ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

संघ के जिलाध्यक्ष अजय कुमार आर्य, जिलाकोषाध्यक्ष अशोक कुमार चौहान, संगठन मंत्री अमित कुमार चक्रवर्ती, जिला लेखा सम्प्रेक्षक भरत कुमार यादव के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन के अनुसार, जनपद में कार्यरत ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को मई और जून 2026 का वेतन अब तक नहीं मिला है। वेतन भुगतान की मांग को लेकर बुधवार को संगठन के पदाधिकारी और कर्मचारी जिला पंचायत राज अधिकारी के कार्यालय पहुंचे थे।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि वेतन भुगतान का अनुरोध करने के दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी ने कर्मचारियों एवं संगठन के पदाधिकारियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा उन्हें अपमानित किया। इस घटना से कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त हो गया।

संघ ने अपने आरोपों के समर्थन में जिला पंचायत राज अधिकारी के कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने की मांग की है। संगठन का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज से पूरे घटनाक्रम की सच्चाई स्पष्ट हो जाएगी।

ज्ञापन में जिलाधिकारी से मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारी के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए तथा लंबित वेतन का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराया जाए। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 10 जुलाई तक सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संगठन आगे आंदोलन करने को बाध्य होगा। ज्ञापन देने वालों मे संजय कुमार यादव, रूद्रनरायन उर्फ रूदल, सन्तोष कुमार, लालजी निषाद, भरतराम, रामपाल भारती आदि सफाईकर्मी, पदाधिकारी शामिल रहे।