बहराइच में कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ पर भव्य आयोजन, शिक्षकों को मिली रू. 05 लाख तक की स्वास्थ्य सुरक्षा
बहराइच, 08 जुलाई। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी से माध्यमिक शिक्षा विभाग एवं बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों, अनुदेशकों, शिक्षामित्रों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (के.जी.बी.इ.वी.) के समस्त कार्मिकों तथा रसोइयों के लिए रू. 05 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जनपद बहराइच में जनपद एवं तहसील स्तर पर भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन उत्थान ऑडोटोरियम में किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार द्वारा नामित नोडल अधिकारी एवं उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, एम.एल.सी. डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, जिला अधिकारी अक्षय त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वदानंद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह सहित मुख्य प्रबन्धक श्रद्धा शुक्ला भारतीय स्टेट बैंक, खंड शिक्षा अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के षिक्षक, षिक्षकाएं व अन्य सम्बन्धित मौजद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके उपरांत विद्यालय छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समां बाँध दिया। देशभक्ति, शिक्षा एवं सामाजिक समरसता पर आधारित प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं शिक्षकों की भरपूर सराहना प्राप्त की। अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री के वाराणसी से प्रसारित संबोधन का सजीव प्रसारण दिखाया गया। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग के समस्त कार्मिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। कैशलेस चिकित्सा सुविधा से लाखों शिक्षक एवं कर्मचारी बिना आर्थिक चिंता के गुणवत्तापूर्ण उपचार प्राप्त कर सकेंगे।
मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि यह योजना शिक्षा परिवार के लिए मुख्यमंत्री का एक ऐतिहासिक एवं संवेदनशील उपहार है, जिससे शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, (के.जी.बी.इ.वी.) कार्मिकों एवं रसोइयों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने उपस्थित सभी कार्मिकों से योजना का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में 200 से अधिक शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, (के.जी.बी.इ.वी.) कार्मिक, रसोइये एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने सहभागिता की। जनपद के सभी तहसील मुख्यालयों पर भी इसी क्रम में कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहाँ बड़ी संख्या में शिक्षा विभाग के कार्मिकों ने मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण देखा।
क्षेत्रीय प्रबंधक विवेक कुमार सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि आज बेसिक शिक्षा विभाग एवं भारतीय स्टेट बैंक के मध्य शिक्षकों के बैंक खाते खोलने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए जा रहे हैं। यह समझौता केवल खाते खोलने तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा विभाग और भारतीय स्टेट बैंक के बीच विश्वास, सहयोग एवं उत्कृष्ट बैंकिंग सेवाओं की एक नई शुरुआत का प्रतीक है। हमारा उद्देश्य है कि प्रत्येक शिक्षक को सरल, सुरक्षित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण बैंकिंग सेवाएँ समयबद्ध रूप से उपलब्ध हों। हमें पूर्ण विश्वास है कि इस साझेदारी से शिक्षकों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएँ प्राप्त होंगी तथा भारतीय स्टेट बैंक और शिक्षा विभाग के बीच संबंध और अधिक सुदृढ़ होंगे। सम्पूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वय बेसिक शिक्षा विभाग, बहराइच द्वारा किया गया। पूरे आयोजन में उत्साह, अनुशासन एवं गरिमामय वातावरण देखने को मिला।
ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः