100 मेधावी छात्राओं को नि:शुल्क टैबलेट देकर डिजिटल शिक्षा की जगायी अलख
शिक्षा और तकनीक में बस्ती जिले को नई पहचान दिलाना लक्ष्य :- मनीष मिश्रा
बस्ती – शिक्षा के क्षेत्र में तकनीक की बढ़ती भूमिका को देखते हुए जिले में एक सराहनीय पहल सामने आई है। पहल संस्था के संस्थापक मनीष मिश्रा ने 100 छात्राओं को नि: शुल्क टैबलेट वितरित किए। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ना, उन्हें तकनीकी रूप से सशक्त बनाना तथा आधुनिक शिक्षा संसाधनों तक उनकी आसान पहुंच सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं और अभिभावकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
टैबलेट वितरण कार्यक्रम में छात्राओं को केवल उपकरण ही नहीं दिए गए, बल्कि उन्हें डिजिटल शिक्षा के महत्व और उसके उपयोग के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई। छात्राओं को बताया गया कि वर्तमान समय में शिक्षा का स्वरूप तेजी से बदल रहा है और अब ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से अध्ययन की नई संभावनाएं खुल रही हैं। संस्था की ओर से छात्राओं को विभिन्न डिजिटल लर्निंग एप, ऑनलाइन अध्ययन सामग्री और शैक्षणिक प्लेटफॉर्म की जानकारी भी दी गई, ताकि वे अपने अध्ययन को और अधिक प्रभावी बना सकें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पहल संस्था के संस्थापक मनीष मिश्रा ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की प्रगति का सबसे मजबूत आधार होती है। उन्होंने कहा कि यदि छात्राओं को आधुनिक तकनीक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साधन उपलब्ध कराए जाएं तो वे न केवल अपने जीवन में सफलता प्राप्त करेंगी बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
उन्होंने कहा कि उनका संकल्प बस्ती जिले को शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। बेटियों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाना समय की आवश्यकता है, क्योंकि जब बेटियां आगे बढ़ती हैं तो परिवार, समाज और देश भी आगे बढ़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि संस्था आगे भी जरूरतमंद और मेधावी छात्राओं को हर संभव सहायता प्रदान करती रहेगी।
कार्यक्रम में समाजसेवी जीडी मिश्रा,अश्विन मिश्रा, संजय मिश्रा,आकाश सोनी राजू पांडेय, नन्द किशोर दूबे , महेन्द्र पांडेय, शतीस तिवारी, सुदीप उर्फ काका ,विमल पांडेय , आलोक पांडेय, सहित संस्था के पदाधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
टैबलेट प्राप्त करने वाली छात्राओं ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें पढ़ाई के लिए नई सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने बताया कि इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, ऑनलाइन कक्षाओं में भागीदारी और अध्ययन सामग्री तक पहुंच आसान हो जाएगी, जिससे उनके भविष्य के सपनों को नई दिशा मिलेगी।