आदर्श नगर पंचायत में बनेगा देश का पहला संविधान द्वार, 11 वार्डों में बाबा साहेब के नाम पर बनेंगे पार्क
संविधान गौरव दिवस पर नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने की घोषणा, छह पार्कों का निर्माण कार्य जारी
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती । संविधान गौरव दिवस के अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने नगर में देश का पहला संविधान द्वार बनवाने की घोषणा की। अटल नगर वार्ड में बनने वाला यह भव्य द्वार आदर्श नगर पंचायत कार्यालय स्थित अटल भवन को जोड़ेगा। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत के सभी 11 वार्डों में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर पार्क स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से छह पार्कों का निर्माण कार्य जारी है।

यह घोषणा अटल भवन स्थित अमर बलिदानी राजा उदय प्रताप नारायण सिंह सभागार में आयोजित संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम के दौरान की गई। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने कहा कि भारतीय संविधान हम सभी देशवासियों के लिए मार्गदर्शक दस्तावेज है। यह समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का संदेश देता है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रदान की।
उत्तर प्रदेश राज्य पंचायत परिषद के प्रदेश अध्यक्ष राना दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि संविधान में निहित मूल्यों का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से पालन करना चाहिए। भारतीय संविधान देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है।
नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी सृष्टि सिंह ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को बिना किसी भेदभाव के समान अवसर, सामाजिक न्याय और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार देता है। हमें बाबा साहेब के विचारों और उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए समरस, सशक्त एवं विकसित समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए।
कार्यक्रम का शुभारंभ संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। उपस्थित लोगों ने संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सभासद प्रदीप निषाद, रामचंद्र सोनकर, भानू रावत, संजय सोनकर, तुलसी राम, दिनेश चौरसिया, विजय साहनी, नंदलाल मिश्रा, राकेश पांडेय, विनोद सिंह, आदर्श पांडेय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रुति कुमार अग्रहरि ने किया।







Views Today : 18948
Who's Online : 30