राम मंदिर में कथित चोरी पर महंत श्याम बिहारी दास ने जताई चिंता, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

 

अयोध्या के गीता राज महल के महंत श्याम बिहारी दास महाराज ने राम मंदिर में सामने आए कथित चोरी के मामले पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे करोड़ों रामभक्तों की आस्था से जुड़ा विषय बताया है। उन्होंने एक लिखित वक्तव्य जारी कर कहा कि प्रभु श्रीराम का मंदिर 500 वर्षों के संघर्ष, संतों-भक्तों के बलिदान और देशवासियों की आस्था का प्रतीक है। मंदिर का निर्माण भव्य स्वरूप में हुआ और आधारशिला से लेकर प्राण प्रतिष्ठा तक की यात्रा पूरे देश के लिए गौरव का विषय रही।

महंत श्याम बिहारी दास ने कहा कि यदि जिम्मेदार लोगों की लापरवाही के कारण मंदिर में चोरी जैसी घटना हुई है, तो इससे केवल राम मंदिर ही नहीं बल्कि अयोध्या की प्रतिष्ठा भी प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत होती हैं और देश-विदेश में गलत संदेश जाता है।

उन्होंने प्रभु श्रीराम से प्रार्थना करते हुए दोषियों को कठोर दंड मिलने की कामना की और कहा कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए सख्त व्यवस्था की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने सरकार से भी मांग की कि दोषियों के विरुद्ध उनकी हैसियत चाहे जो भी हो, कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि करोड़ों रामभक्तों का विश्वास और मंदिर की गरिमा अक्षुण्ण बनी रहे।