गोरखपुर, पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने गोरखपुर जंक्शन स्टेशन को यात्रियों के लिए अधिक आकर्षक, ज्ञानवर्धक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाने की दिशा में एक नई पहल की है। महाप्रबंधक उदय बोरवणकर एवं अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल के मार्गदर्शन में स्टेशन परिसर में यात्री सुविधाओं और सौंदर्यीकरण का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।गोरखपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर थर्ड एसी प्रतीक्षालय के निकट ध्यान मुद्रा में महात्मा बुद्ध की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। प्रतिमा के ऊपर उच्च गुणवत्ता वाली एलईडी स्क्रीन लगाई गई है, जिस पर चौबीसों घंटे गोरखपुर जंक्शन के गौरवशाली इतिहास, उसके विकास की यात्रा तथा गोरखपुर और आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी प्रदर्शित की जा रही है। इसके साथ ही बुद्ध प्रतिमा और एलईडी स्क्रीन के मध्य रंग-बिरंगी रोशनी से सुसज्जित ‘मेरा प्यारा गोरखपुर’ बोर्ड भी लगाया गया है, जो विशेषकर रात्रि के समय यात्रियों और पर्यटकों का ध्यान आकर्षित करता है।रेलवे की इस अभिनव पहल ने स्टेशन को केवल यात्रा का केंद्र ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और पर्यटन जानकारी के मंच के रूप में भी विकसित किया है। आध्यात्मिक शांति, आधुनिक डिजिटल तकनीक और स्थानीय गौरव का यह समन्वय यात्रियों के प्रतीक्षा समय को उपयोगी और यादगार बना रहा है। देश-विदेश से आने वाले पर्यटक यहां तस्वीरें और सेल्फी लेकर गोरखपुर की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर साझा कर रहे हैं।मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने बताया कि गोरखपुर बौद्ध सर्किट का प्रमुख प्रवेश द्वार है और स्टेशन पर विकसित की गई यह व्यवस्था ‘अतुल्य भारत’ तथा ‘स्वच्छ व सुंदर स्टेशन’ अभियान को नई गति प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि इस पहल से यात्रियों को नाथ नगरी की आध्यात्मिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिल रहा है और वे गोरखपुर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को नजदीक से अनुभव कर रहे हैं।रेलवे प्रशासन की यह पहल यात्रियों को बेहतर सुविधाओं के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति और पर्यटन से जोड़ने का सफल प्रयास साबित हो रही है, जिसकी व्यापक सराहना की जा रही है।