रात्रि चौपाल में गूंजी विकास की आवाज, अधिकारियों ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

रात्रि चौपाल में गूंजी विकास की आवाज, अधिकारियों ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

 

बरहटा में प्रशासनिक चौपाल: योजनाओं की समीक्षा, समाधान का भरोसा

 

देवकली खुर्द बना विकास का मॉडल, एसडीएम खलीलाबाद हृदय राम तिवारी ने सराहा योजनाओं का क्रियान्वयन

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर।केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शासन के निर्देशानुसार बघौली ब्लॉक की ग्राम पंचायत बरहटा में मंगलवार को विशेष रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई तथा ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी तथा सदर एसडीएम हृदय राम तिवारी सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।

चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती एवं लो-वोल्टेज की समस्या प्रमुखता से उठाई। वहीं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने समय पर फंडिंग न मिलने की शिकायत की। कई ग्रामीणों ने वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन तथा किसान सम्मान निधि से संबंधित समस्याओं के समाधान की मांग की।

चौपाल के प्रभारी एडीओ पंचायत दीप श्रीवास्तव ने ग्रामीणों की समस्याओं को संबंधित विभागों को प्रेषित कर शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत चल रही योजनाओं की जानकारी देते हुए घर-घर शौचालय, सार्वजनिक डस्टबिन तथा आरआरसी भवन के माध्यम से कूड़ा निस्तारण व्यवस्था के बारे में विस्तार से बताया।

कार्यक्रम में ग्रामीणों ने गांव में विकसित खेल मैदान, मनरेगा पार्क, हाईटेक पंचायत भवन और सरकारी राशन की दुकान सहित विभिन्न विकास कार्यों की सराहना की। अधिकारियों ने इन उपलब्धियों को ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

जिलाधिकारी आलोक कुमार ने पात्र लाभार्थियों से सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि शासन की मंशा हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा ने साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति से बैंक, एटीएम या ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी साझा न करें। उन्होंने साइबर हेल्पलाइन के उपयोग की भी जानकारी दी।

मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। वहीं सदर एसडीएम हृदय राम तिवारी ने कहा कि राजस्व एवं भूमि विवादों के समाधान हेतु नियमित जनता दरबार आयोजित किए जाते हैं और देवकली खुर्द जैसे गांव योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के उत्कृष्ट उदाहरण हैं।

रात्रि चौपाल के माध्यम से प्रशासन ने जहां ग्रामीणों को योजनाओं के प्रति जागरूक किया, वहीं उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने का भरोसा भी दिलाया।