सोहावल-अयोध्या। रौनाही थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर बसहा चौराहा के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जिसकी सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया।मिली जानकारी के अनुसार थाना खंडासा क्षेत्र के बकौली गांव निवासी जगन्नाथ पुत्र नान्हू शनिवार को अपनी ससुराल बसहा गांव आया हुआ था। बताया जा रहा है कि वह मोटर साइकिल से राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पार कर रहा था। तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही रौनाही पुलिस मौके पर पहुंची।घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सोहावल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।