लखनऊ संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश द्वारा पॉलिटेक्निक संस्थानों में विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा (यूपीजेईई-पॉलिटेक्निक) 2026 को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी जारी की गई है। परिषद के सचिव संजीव कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा प्रदेश के सभी जनपदों में स्थित 175 परीक्षा केंद्रों पर 2 जून 2026 से 9 जून 2026 तक कंप्यूटर आधारित परीक्षा माध्यम से आयोजित की जाएगी।सचिव ने बताया कि परीक्षा प्रतिदिन तीन पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 8 बजे से 10:30 बजे तक, दूसरी पाली दोपहर 12 बजे से 2:30 बजे तक तथा तीसरी पाली शाम 4 बजे से 6:30 बजे तक निर्धारित की गई है। परीक्षा के सुचारु और पारदर्शी संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।संजीव कुमार सिंह ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन मॉक टेस्ट लिंक परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया गया है, जिससे छात्र वास्तविक परीक्षा का अनुभव प्राप्त कर सकते हैं। अभ्यर्थी अपनी ई-मेल आईडी के माध्यम से पंजीकरण कर मॉक टेस्ट का कई बार अभ्यास कर सकते हैं।उन्होंने बताया कि प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) शीघ्र ही परिषद के पोर्टल पर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिन्हें अभ्यर्थी ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे। परिषद ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा संबंधी नवीनतम सूचनाओं और निर्देशों के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन करते रहें।परिषद के अनुसार, इस वर्ष परीक्षा के लिए लगभग 4.25 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है, जिससे प्रतियोगिता का स्तर काफी महत्वपूर्ण हो गया है।
2 जून से 9 जून तक होगी पॉलिटेक्निक संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026, 4.25 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल
———