जनगणना कार्य का निरीक्षण, एसडीएम हृदयराम तिवारी ने परखी व्यवस्थाएं
सेमरियावां क्षेत्र के ग्रामों में पहुंचकर लिया जायजा, दिए जरूरी निर्देश
लापरवाही पर सख्ती की चेतावनी, सही आंकड़ों के संकलन पर जोर
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। जनगणना कार्य को प्रभावी और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से खलीलाबाद सदर के एसडीएम हृदयराम तिवारी ने सेमरियावां क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर चल रहे कार्यों का गहनता से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने कर्मचारियों से घर-घर जाकर किए जा रहे सर्वे की जानकारी ली और अभिलेखों की जांच की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसडीएम ने कहा कि जनगणना के आंकड़े ही सरकार की योजनाओं और नीतियों का आधार होते हैं, इसलिए इसमें पूरी पारदर्शिता और सटीकता बनाए रखना बेहद आवश्यक है। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान कुछ स्थानों पर कार्य संतोषजनक पाया गया, जबकि जहां कमी नजर आई, वहां सुधार के निर्देश भी दिए गए। स्थानीय ग्रामीणों ने भी जनगणना कार्य में सहयोग का भरोसा दिलाया।
प्रशासन द्वारा किए जा रहे इस निरीक्षण से जनगणना कार्य में तेजी और पारदर्शिता आने की उम्मीद जताई जा रही है।