थाना समाधान दिवस पर डीएम-एसपी ने सुनीं जन समस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

थाना समाधान दिवस पर डीएम-एसपी ने सुनीं जन समस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

 

राजस्व व पुलिस विभाग को सख्त हिदायत—लापरवाही बर्दाश्त नहीं

 

शिकायत पंजिका का निरीक्षण कर लिया फीडबैक, अधिकारियों की जवाबदेही तय

 

जितेंद्र पाठक

 

संतकबीरनगर। जनपद में जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने थाना कोतवाली खलीलाबाद पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में शिकायतों का मौके पर ही संज्ञान लिया गया।

अधिकारियों ने उपस्थित संबंधित विभागीय कर्मियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि राजस्व एवं पुलिस विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

कार्यक्रम के दौरान शिकायत पंजिका का भी निरीक्षण किया गया तथा पूर्व में निस्तारित मामलों पर फरियादियों से फीडबैक लिया गया, जिससे कार्यों की गुणवत्ता का आकलन किया जा सके।

इस अवसर पर अपर क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राज शेखर पाण्डेय, प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दुबे सहित राजस्व व पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।