जिलाध्यक्ष की अगुवाई में केमिस्टों का जोरदार विरोध, संत कबीर नगर में बंद रहीं दवा दुकानें
ऑनलाइन दवा बिक्री पर भड़का आक्रोश, पीएम को भेजा ज्ञापन, जनस्वास्थ्य पर बताया बड़ा खतरा
फर्जी ई-प्रिस्क्रिप्शन और भारी छूट के खिलाफ एकजुट हुए केमिस्ट, सख्त कार्रवाई की मांग
जितेंद्र पाठक
संत कबीर नगर।केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट कल्याण एसोसिएशन, खलीलाबाद के जिलाध्यक्ष की अगुवाई में अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल की गई। इस दौरान जिलेभर की सभी दवा दुकानें बंद रहीं और केमिस्टों ने एकजुट होकर अपना विरोध दर्ज कराया।
केमिस्टों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजते हुए अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। एसोसिएशन का कहना है कि बिना स्पष्ट वैधानिक प्रावधान के ऑनलाइन माध्यम से दवाओं की बिक्री की जा रही है, जिससे जनस्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।
उन्होंने बताया कि फर्जी ई-प्रिस्क्रिप्शन के जरिए बिना चिकित्सकीय परामर्श के घर-घर दवा वितरण किया जा रहा है, जो मरीजों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। साथ ही “डीप डिस्काउंटिंग” (अत्यधिक छूट) के कारण दवाओं की गुणवत्ता और सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं।
एसोसिएशन का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से देशभर के लाखों लाइसेंसधारी छोटे केमिस्टों और दवा व्यापारियों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
यह आंदोलन ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) एवं ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट्स उत्तर प्रदेश (OCDUP) के आह्वान पर किया गया, जिसमें जिले के केमिस्टों का व्यापक समर्थन देखने को मिला।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों में अध्यक्ष राजीव भाटिया, उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह ‘राजपूत’, कोषाध्यक्ष शिवाजी गुप्ता, महामंत्री जे. पी. दुबे तथा मीडिया प्रभारी मुकेश जायसवाल प्रमुख रूप से शामिल रहे।
अंत में बागेश तिवारी, अवधेश यादव, ऋतुराज गुप्ता, बृजेंद्र कुमार जायसवाल, इमरान खान, दिलीप चौधरी, रामसागर गुप्ता, राजू गौण, दिलीप राय, अनिल मिश्रा, रूपम कुमार सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।