संविधान गौरव दिवस से लेकर सामाजिक कार्यक्रमों तक सक्रिय सुषमा चौधरी, क्षेत्रवासियों के सुख-दुःख में निभा रहीं सहभागिता
लवकुश सिंह संवाददाता अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिला महामंत्री सुषमा चौधरी पत्नी मोदू चौधरी विधानसभा क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क स्थापित कर सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभा रही हैं। क्षेत्र के लोगों से निरंतर मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुनने, समाधान के लिए प्रयास करने और भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रही हैं। वहीं, सुषमा चौधरी एवं भाजपा नेता मोदू चौधरी क्षेत्रवासियों के सुख-दुःख में शामिल होकर सामाजिक रिश्तों को मजबूती देने का प्रयास कर रहे हैं।
हाल ही में सुषमा चौधरी भाजपा जिला कार्यालय, बस्ती में संविधान गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित बैठक में सम्मिलित हुईं। इस दौरान उन्होंने भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। कार्यक्रम में भारतीय संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक आदर्शों, समानता, न्याय और राष्ट्र निर्माण में बाबा साहेब के अतुलनीय योगदान को स्मरण किया गया। सुषमा चौधरी ने संविधान की गरिमा और उसके मूल सिद्धांतों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए बाबा साहेब के विचारों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
सामाजिक सहभागिता के क्रम में भाजपा नेता मोदू चौधरी एवं सुषमा चौधरी जनपद बस्ती के ग्राम एवं पोस्ट दसिया निवासी चन्द्रशेखर चौधरी के सुपुत्र अंकुर के शुभ विवाह समारोह में सम्मिलित हुए। यहां उन्होंने वर-वधू के परिजनों से आत्मीय मुलाकात की और नवदंपति को सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय दाम्पत्य जीवन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इसी क्रम में बस्ती के ग्राम बनरही, पोस्ट पुरानी बस्ती निवासी राजकुमार निषाद की सुपुत्री के विवाह समारोह में भी पहुंचकर परिजनों से भेंट की। उन्होंने नवविवाहित जोड़े को जीवन के नए सफर की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना की। राजकुमार ‘विक्की’ जी के पूज्य पिताजी के निधन का समाचार मिलने पर मोदू चौधरी एवं सुषमा चौधरी शोकाकुल परिजनों से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर अपनी गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस दुःख की घड़ी में परिवार को धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की।
सुषमा चौधरी की इन निरंतर गतिविधियों के माध्यम से विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क को गति मिल रही है। वह लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझने और उनके निराकरण के लिए प्रयासरत हैं। साथ ही भाजपा की नीतियों एवं योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचा रही हैं। राजनीतिक और सामाजिक कार्यक्रमों में निरंतर भागीदारी के साथ मोदू चौधरी एवं सुषमा चौधरी क्षेत्र के लोगों के साथ जुड़ाव बनाए रखने और हर सुख-दुःख में सहभागी बनने की दिशा में सक्रिय दिखाई दे रहे हैं।






Views Today : 19019
Who's Online : 28