बेकाबू कार नहर में गिरी, चालक घायल: ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर जान बचाई, बड़ा हादसा टला
अनुराग लक्ष्य न्यूज
प्रतापगढ़ के महेशगंज थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रामनगर नहर पुलिया पर एक चलती कार अचानक बेकाबू होकर नहर में जा गिरी। इस घटना में कार चालक को चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि शुभम यादव अपनी कार से रिश्तेदारी जा रहे थे। रामनगर नहर पुलिया के पास पहुंचते ही कार का नियंत्रण बिगड़ गया और वह सीधे नहर में पलट गई। कार के नहर में गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने बिना देर किए राहत और बचाव कार्य शुरू किया।काफी मशक्कत के बाद चालक शुभम यादव को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे के बाद कार आधी नहर के पानी में डूबी हुई दिखाई दी। गनीमत रही कि गर्मी के चलते नहर में पानी कम था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना में शुभम यादव को चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।