जिलाध्यक्ष नीतू सिंह के नेतृत्व में भाजपा का विरोध, सपा सांसद की टिप्पणी पर डीएम को सौंपा ज्ञापन
जनभावनाएं आहत होने का आरोप, कार्रवाई व माफी की उठी मांग
संतकबीरनगर में गरमाया मामला, लोकतांत्रिक मर्यादाओं का हवाला
जितेंद्र पाठक।
संतकबीरनगर। समाजवादी पार्टी के हमीरपुर से सांसद अजेंद्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री के संबंध में की गई कथित टिप्पणी को लेकर जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी की संतकबीरनगर इकाई ने इस पर आपत्ति जताते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा जिलाध्यक्ष नीतू सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को दिए ज्ञापन में कहा कि उक्त टिप्पणी से जनभावनाएं आहत हुई हैं। पार्टी का कहना है कि सार्वजनिक जीवन में आसीन व्यक्तियों द्वारा मर्यादित भाषा का प्रयोग किया जाना लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप है।
प्रमुख मांगें
वैधानिक कार्रवाई, सार्वजनिक माफी और भविष्य में अमर्यादित भाषा पर रोक हेतु दिशा-निर्देश जारी करने की मांग।
मीडिया प्रभारी ब्रह्मानंद पाण्डेय सहित कई पदाधिकारी रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष नीतू सिंह के साथ पार्टी के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस मौके पर मीडिया प्रभारी ब्रह्मानंद पाण्डेय भी मौजूद रहे।
साथ ही महिला मोर्चा की भाजपा नेत्री सुनीता अग्रहरी एवं किरण प्रजापति सहित तमाम महिला कार्यकर्ताओं की भी सक्रिय उपस्थिति रही।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस मुद्दे को लेकर कार्यकर्ताओं एवं आमजन में नाराजगी देखी जा रही है। भाजपा ने प्रशासन से अपेक्षा की है कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए नियमानुसार उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।