धमाके के साथ कॉफी-मशीन ब्लास्ट; दुल्हन के भाई की मौत: प्रतापगढ़ में किशोर 10 फीट दूर जा गिरा, बारात में भगदड़, टेंट-स्टाल सब तहस-नहस

धमाके के साथ कॉफी-मशीन ब्लास्ट; दुल्हन के भाई की मौत: प्रतापगढ़ में किशोर 10 फीट दूर जा गिरा, बारात में भगदड़, टेंट-स्टाल सब तहस-नहस

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

प्रतापगढ़ में बारात में कॉफी मशीन ब्लास्ट होने से दुल्हन के चचेरे भाई की मौत हो गई। किशोर कॉफी मशीन के पास बैठा था, धमाके से करीब 10 फीट दूर जा छिटका और पेड़ से जा टकराया। रविवार देर रात की यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर पट्‌टी थानाक्षेत्र के बहुता गांव की है। मृतक विपिन (15) की चचेरी बहन की बारात आई थी। धमाका जिस वक्त हुआ, उस वक्त वरमाला के बाद कलेवा कार्यक्रम चल रहा था। डॉक्टर्स के अनुसार, किशोर 80 प्रतिशत से अधिक झुलस गया था। सिर भी उसका फट गया था। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

अब जाने पूरा मामला…

बहुता गांव में रहने वाले रामप्यारे पटेल फूलपुर के जूनियर हाईस्कूल में प्रधानाध्यापक हैं। रविवार को उनकी बेटी की शादी थी। शादी में परिवार-रिश्तेदार जुटे हुए थे। चचेरा भाई विपिन भी शादी में शामिल था। वरमाला के बाद कलेवा का कार्यक्रम चल रहा था। विपिन स्टॉल पर लगी कॉफी मशीन के पास बैठा हुआ था। उसी समय अचानक से तेज धमाके के साथ कॉफी मशीन ब्लास्ट हो गई। पास बैठा विपिन एक झटके में करीब 10 फीट दूर एक पेड़ से जाकर टकराया। उधर, पूरा पंडाल और स्टॉल तहस-नहस हो गया। बारात में भगदड़ मच गई। विपिन बुरी तरह झुलस गया था। उसकी तड़प सुनकर परिजन दौड़े पहुंचे। आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर गए। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घर का सबसे छोटा था विपिन

किशोर के पिता उदयभान वर्मा ने बताया कि वह उनका सबसे छोटा बेटा था। वह क्लास 8 का स्टूडेंट था। उससे बड़ा एक भाई अभिषेक और बहन ममता हैं।