प्रतापगढ़ में ट्रेन से कटकर अज्ञात व्यक्ति की मौत: हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल आधे घंटे रुकी रही, पुलिस ने शव को ट्रैक से हटाया

प्रतापगढ़ में ट्रेन से कटकर अज्ञात व्यक्ति की मौत: हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल आधे घंटे रुकी रही, पुलिस ने शव को ट्रैक से हटाया

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

प्रतापगढ़ के फतनपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। इस घटना के बाद हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल करीब आधे घंटे तक रुकी रही, जिससे रेल यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को ट्रैक से हटाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घटना गौरा रेलवे स्टेशन के पश्चिमी आउटर सिग्नल के समीप हुई। पुरी से नई दिल्ली जा रही नीलांचल एक्सप्रेस जब वहां पहुंची, तभी अचानक करीब 50 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति उसकी चपेट में आ गया। व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और शव रेलवे ट्रैक के बीचों-बीच पड़ा रहा। इसी ट्रैक से गुजर रही हावड़ा से अमृतसर जाने वाली पंजाब मेल के चालक की नजर ट्रैक पर पड़े शव पर पड़ी। चालक ने तुरंत ट्रेन रोक दी। शव ट्रैक पर होने के कारण पंजाब मेल आधे घंटे से अधिक समय तक मौके पर खड़ी रही। इसके बाद ट्रेन चालक ने कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी। कंट्रोल रूम से यह सूचना गौरा स्टेशन मास्टर को दी गई, जिन्होंने स्थानीय फतनपुर पुलिस को अवगत कराया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेलवे ट्रैक से शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।