मां के प्रेम संबंध से नाराज बेटे ने रची खौफनाक साजिश


लखनऊ। राजधानी के बिजनौर थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। मां के प्रेम संबंधों से नाराज एक युवक ने अपने नाबालिग रिश्तेदार के साथ मिलकर प्रेमी की हत्या की साजिश रच डाली। आरोप है कि दोनों ने युवक को पहले शराब पिलाई और फिर सुनसान स्थान पर चापड़ व ईंट से ताबड़तोड़ हमला कर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद आरोपी खून के दाग धोकर शादी समारोह में शामिल हो गए ताकि किसी को उन पर शक न हो। पुलिस ने घटना का अनावरण करते हुए मुख्य आरोपी और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चापड़, ईंट और मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, 09 मई 2026 को असरफ नगर निवासी शुभम गौतम ने थाना बिजनौर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके भाई सूरज की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी है। इस सूचना पर थाना बिजनौर में मुकदमा संख्या 126/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए दक्षिणी लखनऊ पुलिस उपायुक्त के निर्देशन में तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया।जांच के दौरान पुलिस ने करीब 50 सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद ली। अथक प्रयासों के बाद पुलिस टीमों ने 10 मई की रात करीब ढाई बजे ग्राम रसूलपुर इठुरिया नाले पर बनी पुलिया के पास से मुख्य आरोपी अनिल कुमार यादव और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चापड़, खून लगी ईंट तथा मृतक का आईफोन बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 315 बीएनएस तथा 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई है।पूछताछ में मुख्य आरोपी अनिल कुमार यादव ने पुलिस को बताया कि उसकी मां के मृतक सूरज से पिछले करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध थे। दो महीने पहले उसने सूरज को अपनी मां के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। लोकलाज के कारण उसने उस समय विरोध नहीं किया, लेकिन बाद में सूरज को घर आने से मना किया। इसके बावजूद सूरज का आना-जाना बंद नहीं हुआ, जिससे वह बेहद नाराज था और उसने हत्या की योजना बना ली।आरोपी के मुताबिक, उसने अपने नाबालिग रिश्तेदार के साथ मिलकर सूरज को रास्ते से हटाने की साजिश बनाई। आठ मई को शादी समारोह में जाने से पहले दोनों ने सूरज को बुलाया और शराब लाने के लिए पैसे दिए। शराब लाने के बाद तीनों सूरज की मोटरसाइकिल से गांव के बाहर आम के बाग के सामने झील के पास स्थित खाली प्लॉट में पहुंचे। वहां योजना के तहत सूरज को अधिक शराब पिलाई गई। जब वह अत्यधिक नशे में हो गया तो अनिल ने पहले से छिपाकर रखे चापड़ से उसके चेहरे पर हमला कर दिया। हमले के बाद सूरज ने भागने का प्रयास किया, लेकिन नशे की हालत में गिर पड़ा। इसके बाद अनिल और उसके नाबालिग साथी ने चापड़ और ईंट से उसके सिर पर लगातार वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई हत्या के बाद आरोपियों ने मृतक की जेब से मोबाइल फोन निकाल लिया और हत्या में प्रयुक्त चापड़ व खून से सनी ईंट को पास के खेत में फेंककर फरार हो गए। पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपियों ने अपने कपड़ों से खून के निशान धोए और उसी कपड़े में शादी समारोह में शामिल हुए, ताकि किसी को उन पर संदेह न हो। इतना ही नहीं, जब पुलिस घटनास्थल पर जांच करने पहुंची तो आरोपी भी वहां पहुंचे और सामान्य लोगों की तरह मौजूद रहे।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अनिल कुमार यादव कक्षा आठ तक पढ़ा है और एक मॉल में स्वीपर का काम करता है, जबकि पकड़ा गया बाल अपचारी कक्षा नौ का छात्र है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पूरे मामले के खुलासे में थाना बिजनौर पुलिस और दक्षिणी लखनऊ सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।