राज्यपाल के हाथों सम्मानित हुए कृषक संजीव कुमार गौड़
राजभवन में आयोजित प्रदर्शनी में जनपद 03 श्रेणियों में मिले 05 पुरस्कार
बहराइच । राज भवन प्रांगण लखनऊ में 06 से 08 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाली प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी के दौरान आकांक्षी जनपद बहराइच के प्रगतिशील कृषक संजीव कुमार गौड़ को एकीकृत जीवनाशी प्रबन्धन तकनीक से बिष मुक्त पपीता की खेती के लिए मा. राज्यपाल महोदया श्रीमती आनंदीबेन मफतभाई पटेल द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कृषक श्री गौड़ ने मौजूद कृषकों के साथ अपने अनुभवों को साझा किया तथा कृषि उत्पाद का उचित मूल्य प्राप्त करने के लिए आई.पी.एम. विधि से विषमुक्त खेती करने के लिए कृषकों को प्रेरित भी किया।
राज भवन प्रांगण में आयोजित 03 दिवसीय प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी के प्रथम दिन निर्णायक कमेटी द्वारा जनपदों की ओर से लगाये गये प्रदर्शनी स्टालों का निरीक्षण किया गया। निर्णायक मण्डल द्वारा जनपद बहराइच के कृषक रवि कुमार अग्रवाल को रंगीन शिमला मिर्च (लाल) एवं जरवेरा (लाल रंग) के लिए प्रथम पुरस्कार, कृषक लालता प्रसाद गुप्ता को केला (सब्जी) के लिए प्रथम एवं शहद के लिए शत्रोहन यादव व फूलचन्द्र गिरी को क्रमशः द्वितीय व तृतीय स्थान के लिए चयनित किया गया। इस प्रकार जनपद को 03 श्रेणियों में कुल 05 पुरस्कार प्राप्त हुए।
कृषकों द्वारा अर्जित की गई उपलब्धि के सम्बन्ध में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने कहा कि औद्यानिक फसलों में आकांक्षी जनपद के कृषकों को पुरस्कृत होना जनपदवासियों के लिए गौरव की बात है। उल्लेखनीय है कि राजभवन प्रांगण, लखनऊ में आयोजित होने वाली 03 दिवसीय प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी में जिला उद्यान अधिकारी दिनेश चौधरी के नेतृत्व में वरिष्ठ उद्यान निरीक्षक पंकज वर्मा एवं जनपद के प्रगतिशील कृषकों द्वारा प्रतिभाग किया जा रहा है।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः