प्रतापगढ़ SP ने सांगीपुर थानाध्यक्ष को किया निलंबित: पीड़ित के खिलाफ FIR दर्ज करने पर हुई कार्रवाई, शराब ठेके के सामने मारपीट का मामला

प्रतापगढ़ SP ने सांगीपुर थानाध्यक्ष को किया निलंबित: पीड़ित के खिलाफ FIR दर्ज करने पर हुई कार्रवाई, शराब ठेके के सामने मारपीट का मामला

प्रतापगढ़ में पुलिस अधिकारियों के आदेशों की अनदेखी और पीड़ित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के आरोप में सांगीपुर थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई आईजी प्रयागराज से मिली शिकायत और जांच रिपोर्ट के बाद एसपी दीपक भूकर ने की। सांगीपुर थाना क्षेत्र के गांधी नगर कोठा नेवढ़िया निवासी धीरज यादव ने बताया कि 25 जनवरी को शराब ठेके के सामने कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की थी। उन्होंने इसकी शिकायत थानाध्यक्ष राजेंद्र त्रिपाठी से की थी, लेकिन प्राथमिकी दर्ज करने के बजाय उन्हें जांच के नाम पर कई दिनों तक थाने बुलाया जाता रहा। इसी दौरान आरोपी पक्ष के घर की एक किशोरी के गायब होने पर धीरज यादव को भी आरोपित करते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई। इस घटना से परेशान होकर धीरज ने आईजी प्रयागराज सहित उच्चाधिकारियों से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने कुंडा सीओ अमरनाथ गुप्ता से जांच कराई। जांच में सामने आया कि धीरज यादव कई बार थाने गए थे, जिसके सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद हैं। पीड़ित के खिलाफ ही एफआईआर दर्ज किए जाने की पुष्टि होने पर एसपी ने सांगीपुर थानाध्यक्ष राजेंद्र त्रिपाठी को निलंबित कर दिया।