अयोध्या धाम में होगा छिंदवाड़ा रामलीला मंडल का ऐतिहासिक मंचन

आज शाम रवाना होंगे मंडल के सभी सदस्य

छिंदवाड़ा। शहर में इन दिनों सबसे अधिक चर्चा का विषय बना हुआ है कि छिंदवाड़ा का ऐतिहासिक 137 वर्ष पुराना श्री रामलीला मंडल अब अयोध्या धाम में भगवान श्रीराम की दिव्य लीलाओं का भव्य मंचन करने जा रहा है। मंडल के 137 वर्ष के इतिहास में यह पहला अवसर है जब कलाकार शहर से बाहर तीन दिवसीय रामलीला का प्रदर्शन करेंगे। यह मंचन 13, 14 एवं 15 दिसंबर को अयोध्या धाम में प्रतिदिन शाम 4:30 बजे से आयोजित होगा।
मंडल के अध्यक्ष अरविंद राजपूत, सचिव राजेंद्र आचार्य एवं कोषाध्यक्ष सुभाष साहू ने बताया कि अयोध्या में होने वाला यह आयोजन छिंदवाड़ा के सांस्कृतिक इतिहास में स्वर्णिम अध्याय जोड़ेगा। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा की सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखते हुए अयोध्या में भी मंच सज्जा छिंदवाड़ा की थीम पर ही तैयार की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, आयोजन में जनक जी की भूमिका छिंदवाड़ा–पांढुर्णा संसदीय क्षेत्र के सांसद विवेक बंटी साहू निभाएंगे, जो संसद के शीतकालीन सत्र से सीधे अयोध्या पहुँचेंगे। मंच निर्माण, प्रकाश व्यवस्था एवं दृश्य संयोजन का समस्त सामान लेकर जाने वाला मालवाहक वाहन बुधवार को ही छिंदवाड़ा से रवाना हो चुका है। इस अवसर पर मंडल के संरक्षक कस्तूरचंद जैन, राजू चरणागर, सतीश दुबे लाला सहित सभी पदाधिकारी और कलाकार मौजूद रहे। आज, गुरुवार शाम को कलाकारों और अधिकारियों का दल बसों एवं अन्य वाहनों से अयोध्या के लिए प्रस्थान करेगा।

मंचन की तैयारियाँ पूर्ण

मुख्य निर्देशक पंडित वीरेंद्र शुक्ल ने बताया कि मंचन से जुड़ी सभी कलात्मक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। लाइव संगीत का दायित्व श्री संगीत रामायण मंडल निभाएगा। कलाकार लगातार अभ्यास कर अपनी भूमिकाओं को उत्कृष्ट बनाने में लगे हुए हैं और ऐतिहासिक मंचन को लेकर अत्यंत उत्साहित हैं।