मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बच्चा बदलने का आरोप: प्रतापगढ़ में परिजनों ने हंगामा कर डीएनए जांच की मांग की

मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बच्चा बदलने का आरोप: प्रतापगढ़ में परिजनों ने हंगामा कर डीएनए जांच की मांग की

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

प्रतापगढ़ के मेडिकल कॉलेज के महिला अस्पताल में एक प्रसूता के परिजनों ने बच्चा बदलने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि उन्हें जीवित बच्चे की जगह मरा हुआ बच्चा पकड़ा दिया गया। इस आरोप के बाद शनिवार देर रात अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया।

 

परिजनों ने बच्चे का डीएनए टेस्ट कराने की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार, अचलपुर निवासी अभिषेक की पत्नी आंचल को प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार को ऑपरेशन से उन्हें एक बच्चा हुआ, जिसकी हालत गंभीर बताई गई और उसे एसएनसीयू में भर्ती किया गया था। बाद में परिजनों को एक मृत बच्ची का शव सौंप दिया गया, जिसके बाद उन्होंने बच्चा बदलने का आरोप लगाया। वहीं अस्पताल प्रशासन ने बच्चा बदलने के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। अस्पताल प्रबंधन ने इन आरोपों को निराधार बताया है। सीएमएस डॉक्टर रमेश तिवारी ने इस संबंध में जानकारी दी। डॉ. तिवारी ने बताया कि उनके अस्पताल में आंचल नाम की दो मरीज भर्ती थीं। पहली आंचल को चार दिन पहले एक लड़का हुआ था। जबकि जिस आंचल के परिजनों ने बच्चा बदलने का आरोप लगाया है, उन्हें शनिवार दोपहर में एक बच्ची हुई थी। ऑपरेशन के बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई थी। सीएमएस ने दोहराया कि बच्चा बदलने के आरोप पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने बताया कि परिजनों की शिकायतों की जांच की जा रही है। यदि परिजन डीएनए टेस्ट कराना चाहते हैं, तो पोस्टमार्टम के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।