अयोध्या: दशरथ महल में आज से श्री राम कथा, 25 नवंबर को निकलेगी भव्य श्री राम बारात

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। चक्रवर्ती महाराज श्री दशरथ जी के राज महल में श्री राम विवाह के पावन अवसर पर आज 20 नवंबर 2025 से यशस्वी कथा व्यास जगद गुरु रामानुजाचार्य स्वामी रत्नेश प्रपन्नाचार्य महाराज के श्री मुख से श्री राम कथा की सुधा वृष्टि होगी। दशरथ महल के यशस्वी पीठाधीश्वर विंदु संप्रदाय के मुकुट मणि विंदु गद्दाचार्य स्वामी श्री देवेंद्र प्रसादाचार्य महाराज ने बताया कि 25 नवंबर को सायंकाल 6 बजे से बाजे-गाजे के साथ श्री राम बारात प्रस्थान करेगी। इस पुनीत अवसर पर जगद गुरु रामानुजाचार्य स्वामी श्री रत्नेश प्रपन्नाचार्य जी महाराज के श्री मुख से श्री राम कथा की अमृत वर्षा होगी। रात्रि 9 बजे से 12 बजे तक जनकपुर की लीला मंडली के कलाकार राम लीला का मंचन करेंगे। श्री राम विवाह महोत्सव के संयोजक श्रीमद जगदगुरु अर्जुद्वाराचार्य स्वामी कृपालु राम भूषण देवाचार्य महाराज (मंगल भवन, राम कोट, अयोध्या) के संयोजकत्व में संचालित हो रहे इस विवाह महोत्सव में बड़ी संख्या में महंत, भक्त, श्रद्धालु और अतिथिगण शामिल होंगे।
विंदुगद्दाचार्य स्वामी देवेंद्र प्रसादाचार्य महाराज ने सभी संत, महंतों, भक्तों, और अतिथियों से राम कथा एवं राम बारात में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने बताया कि श्री राम विवाह महोत्सव में देश के कोने-कोने से संत, महंत, भक्त, श्रद्धालु, अतिथि शामिल होंगे। इस पावन अवसर पर विंदु गद्दाचार्य स्वामी श्री देवेंद्र प्रसादाचार्य जी महाराज ने सभी को सीता-राम विवाह की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं प्रदान की हैं।