साहित्य उपवन रचनाकार मंच का चतुर्थ वार्षिकोत्सव भव्यता के साथ संपन्न, 100 से अधिक साहित्यकारों ने की सहभागिता
गाजियाबाद। साहित्य उपवन रचनाकार मंच का चतुर्थ वार्षिकोत्सव रविवार, 22 नवंबर 2026 को शंभु दयाल इंटर कॉलेज, गाजियाबाद में भव्यता एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में देश के विभिन्न प्रांतों से आए 100 से अधिक प्रतिष्ठित साहित्यकारों एवं रचनाकारों ने सहभागिता कर आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात डॉ. सुधा बसोर ‘सौम्या’ ने सुमधुर स्वर में सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। उत्तराखंड से पधारी अंशी कमल ने अतिथियों के स्वागत में मनमोहक स्वागत गीत प्रस्तुत किया। उत्तराखंड की रचनाकार साधिकाओं द्वारा पारंपरिक वेशभूषा में दी गई सांस्कृतिक प्रस्तुति समारोह का विशेष आकर्षण रही, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
समारोह का मुख्य आकर्षण ‘उपवन लघुकथा मंजरी’ पुस्तक का विमोचन रहा। इस पुस्तक में 45 साहित्य साधकों की लघुकथाओं को संकलित किया गया है। पुस्तक विमोचन के अवसर पर साहित्यकारों ने इसे मंच की महत्वपूर्ण साहित्यिक उपलब्धि बताया।
कार्यक्रम में डॉ. ओम प्रकाश प्रजापति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। डॉ. अशोक भाटिया एवं डॉ. शील कौशिक सारस्वत अतिथि तथा डॉ. देवेंद्र देव एवं डॉ. निवेदिता शर्मा गरिमामयी अतिथि के रूप में शामिल हुए। आमंत्रित साहित्यकारों में सुप्रसिद्ध कवयित्री कविता बिष्ट ‘नेह’, डॉ. दौलत राम शर्मा, डॉ. सुदेश यादव ‘जख्मी’ और वीरेंद्र ‘अबोध’ ने अपनी उत्कृष्ट काव्य रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन सुप्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. आर. डी. गौतम ‘विनम्र’ ने किया।
समारोह में उपस्थित सभी साहित्यकारों एवं अतिथियों को अंगवस्त्र, मोती की माला और प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। रचनाकारों ने अपनी साहित्यिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रेम, संवेदना, सामाजिक सरोकारों और जीवन के विविध पहलुओं को अभिव्यक्त किया। उनकी प्रस्तुतियों पर पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस आयोजन को सफल बनाने में गुरुदेव डॉ. राकेश सक्सेना एवं डॉ. सुनीता सक्सेना का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा। समन्वयक आ. जगदीश गोकलानी, अध्यक्ष एवं संस्थापक डॉ. रोहित रोज, कार्यकारी अध्यक्षा एवं व्यवस्थापिका संगीता मिश्रा, सह-अध्यक्षा आ. अंशी कमल, सचिव डॉ. सुधा बसोर ‘सौम्या’, उप-सचिव आ. कमला उनियाल, सह-सचिव आ. नंदन राणा ‘नवल’, कोषाध्यक्ष डॉ. आर. डी. गौतम ‘विनम्र’, दैनिक आयोजन प्रभारी आ. रश्मि शुक्ल, विवेचन प्रभारी आ. शशिकला नायक, मीडिया प्रभारी डॉ. कृष्ण कांत मिश्र तथा अलंकरण प्रभारी आ. सुभाष कुशवाहा सहित पूरी टीम का विशेष योगदान रहा।
समारोह के अंत में मंच के अध्यक्ष डॉ. रोहित रोज ने कहा कि साहित्य उपवन का चतुर्थ वार्षिकोत्सव साहित्य जगत की श्रेष्ठ विभूतियों के स्नेह, आशीर्वाद और आत्मीयता से परिपूर्ण अनुपम मिलन समारोह साबित हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी साहित्यकारों के सहयोग और मार्गदर्शन से साहित्य उपवन निरंतर पुष्पित एवं पल्लवित होता रहेगा।
अंत में आयोजकों ने देश के विभिन्न हिस्सों से पधारे सभी अतिथियों, साहित्यकारों एवं साहित्य प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया। सुरुचिपूर्ण भोजन के साथ समारोह का समापन हुआ।






Views Today : 16007
Who's Online : 13