स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भव्य कार्यक्रम का हुआ आयोजन

अम्बेडकर नगर ।79वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जनपद अंबेडकरनगर में राष्ट्रीय उत्साह एवं देशभक्ति के भाव से ओत-प्रोत समारोह का आयोजन किया गया। प्रातः सर्वप्रथम जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। तत्पश्चात विधायक कटेहरी धर्मराज निषाद की उपस्थिति में प्रातः 08:00 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी द्वारा ध्वजारोहण एवं राष्ट्रीय गान का आयोजन हुआ। इसके उपरांत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की गई।

 

*गोष्ठी एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां*

मुख्य अतिथि मंत्री, मत्स्य विभाग, उत्तर प्रदेश शासन डॉ. संजय कुमार निषाद एवं विशिष्ट अतिथि मा. विधायक कटेहरी धर्मराज निषाद की गरिमामयी उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में “हर घर तिरंगा कार्यक्रम 2025” के अंतर्गत भव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नवोदय विद्यालय सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समारोह में स्वतन्त्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को अंगवस्त्र एवं पुष्पमालाओं से सम्मानित किया गया, जिससे पूरे वातावरण में गौरव और कृतज्ञता की भावना व्याप्त हुई।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने अपने उद्बोधन में राष्ट्रीय तिरंगे के महत्व एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को स्मरण करते हुए सभी को समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शासकीय सेवाओं का निर्वहन ईमानदारी, निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ करते हुए अंत्योदय के सिद्धांत को चरितार्थ करना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। मुख्य अतिथि मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए ‘पंचप्रण’ के संकल्प के साथ विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने की प्रेरणा दी। विशिष्ट अतिथि विधायक कटेहरी धर्मराज निषाद ने सभी से न्याय, समता और प्रभुता के मूल्यों के पालन का आह्वान किया।

*”सम्मान एवं पुरस्कार वितरण*

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों एवं संस्कृति विभाग के कलाकारों को सम्मानित किया गया। चिकित्सा, राजस्व एवं विकास कार्यों सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. सदानंद गुप्ता, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रणजीत सिंह, अपर उप जिलाधिकारी राजेश कुमार सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

*वृक्षारोपण से पर्यावरण संरक्षण का संदेश*

समारोह के उपरांत मंत्री,विधायक, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस पहल ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को न केवल ऐतिहासिक महत्व प्रदान किया बल्कि सतत विकास और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी प्रसारित किया।