अयोध्या में वर्ल्ड पुलिस फ़ायर गेम्स के पदक विजेताओं का सम्मान

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या अमेरिका में आयोजित वर्ल्ड पुलिस फ़ायर गेम्स में भारत का परचम लहराकर लौटे अयोध्या के लाल पहलवानों का अयोध्या पहुँचने पर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष-संकट मोचन सेना के पूज्य श्री संजय दास जी महाराज, वरिष्ठ पुजारी श्री हेमंत दास जी महाराज और सीओ अयोध्या आशुतोष त्रिपाठी ने पहलवानों को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाया। अमेरिका में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में, पहलवान विशाल साहनी ने 57 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया, वहीं अनूप यादव ने 60 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। पदक जीतकर अयोध्या पहुँचे इन होनहार पहलवानों का राष्ट्रीय अध्यक्ष-संकट मोचन सेना पूज्य श्री संजय दास जी महाराज ने रामनामा भेंट कर आशीर्वाद दिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इन युवा पहलवानों ने अपनी मेहनत और लगन से न केवल अयोध्या बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। अयोध्या के लिए यह गर्व की बात है कि यहाँ के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और सफल हो रहे हैं। इस सम्मान समारोह में स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिन्होंने तालियों और जयकारों के साथ अपने नायकों का स्वागत किया। इस दौरान पूज्य श्री संजय दास जी महाराज, वरिष्ठ पुजारी श्री हेमंत दास जी महाराज एवं सीओ अयोध्या आशुतोष त्रिपाठी जी भी उपस्थित रहे।