तीन मंजिला भवन में लिफ्ट, मॉड्यूलर किचन और प्ले ग्राउंड जैसी सुविधाएं, एक करोड़ 70 लाख की लागत से हो रहा निर्माण
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। नगर पंचायत हरिहरपुर अब शिक्षा के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित करने जा रही है। यहां का कंपोजिट विद्यालय हरिहरपुर प्रदेश का सबसे हाईटेक परिषदीय विद्यालय बनने की ओर अग्रसर है। तीन मंजिला इस विद्यालय भवन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जो जल्द ही पूरा हो जाएगा।
इस अत्याधुनिक भवन में बच्चों के लिए प्ले ग्राउंड, पार्क, मॉड्यूलर किचन, आरओ वाटर, लिफ्ट, गार्ड रूम और दिव्यांगों के लिए विशेष शौचालय की सुविधा होगी। सभी कक्ष प्राइवेट स्कूलों की तर्ज पर सजाए जाएंगे। ग्राउंड फ्लोर पर कन्या प्राथमिक विद्यालय, पहले तल पर कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय और दूसरे तल पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय संचालित होगा।
नगर पंचायत के चेयरमैन रविन्द्र प्रताप उर्फ पप्पू शाही ने इस परियोजना के लिए शासन स्तर पर विशेष प्रयास करते हुए विभिन्न विभागीय अड़चनों को दूर किया और एक करोड़ 70 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कराई। उन्होंने बताया कि विद्यालय की ड्राइंग अच्छे आर्किटेक्ट से तैयार करवाई गई और इसे नगर विकास विभाग में प्रस्तुत किया गया, जिसके बाद निर्माण को मंजूरी मिली।
उन्होंने बताया कि हरिहरपुर नगर पंचायत न केवल सड़क निर्माण और हाईटेक कार्यालय के मामले में प्रदेश ही नहीं देश में अलग पहचान रखती है, बल्कि अब शिक्षा क्षेत्र में भी यह रोल मॉडल बनेगी। उनका कहना है कि इस विद्यालय में प्राइवेट स्कूलों से बेहतर सुविधाएं दी जाएंगी ताकि अधिक से अधिक बच्चे यहां नामांकन लें और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करें।
वर्तमान में भवन की तीनों मंजिलें तैयार हो चुकी हैं और फिनिशिंग का कार्य चल रहा है। नगर पंचायत प्रशासन का लक्ष्य है कि इस विद्यालय को प्रदेश में सरकारी स्कूलों के लिए एक उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया जाए।