बाबरी मस्जिद के पैरोकार इकबाल अंसारी ने खेली होलीः जगद्‌गुरु परमहंस आचार्य के साथ रामलला की तस्वीर पर लगाया गुलाल, गले मिलकर दी बधाई

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या में सद्भाव की होली खेली गई है। जगदगुरू परमहंस आचार्य ने बाबरी मस्जिद के मुद्दई रहे इकबाल अंसारी के साथ होली खेल एक-दूसरे को गुलाल लगाया और गले मिलकर होली की बधाई भी दी।दोनों लोगों ने रामलला की तस्वीर पर गुलाल लगाकर आनंद का अनुभव किया। तपस्वी छावनी में होली उत्सव के दौरान अनेक संत भी मौजूद रहे।जगदगुरू परमहंस आचार्य ने कहा कि होली रामराज्य का पर्व है। यह अच्छाईयों को अपनाने का पर्व है। तपस्वी छावनी वह स्थल है जहां रामलला बचपन में स्नान करते थे।अयोध्या राम मंदिर में विराजमान हो गए हैं तो उत्साह चरम है। अयोध्या में रामलला की होली का शुभारंभ हुआ है। रामलला मानव मात्र के आदर्श हैं।इकबाल अंसारी ने कहा कि अयोध्या है। रंग सबके लिए बराबर है। भगवान सभी के लिए हैं वह सब कुछ देख रहे हैं।हम अच्छाई को लेकर होली खेल रहे हैं। इकबाल ने होली के गीतों पर तालियां भी बजाई और बेहद प्रसन्न नजर आए।इकबाल अंसारी रामजन्मभूमि-बाबरी विवाद के वादियों में से एक थे। इनके पिता हाशिम अंसारी सबसे उम्रदराज वादी थे। 2016 में 95 साल की उम्र में हाशिम अंसारी की मौत हो गई। इसके बाद इकबाल ने अदालत में मामले को आगे बढ़ाया था।