जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों में प्रवेश परीक्षा से होगा दाखिला, 15 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन सकते हैं कर

समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों में इस वर्ष से राज्य स्तरीय प्रवेश परीक्षा के माध्यम से दाखिला लिया जाएगा। कक्षा 6, 7, 8 और 9 में प्रवेश के इच्छुक छात्र-छात्राएं 15 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नव्व असीम अरुण ने बताया कि इन विद्यालयों में अभ्युदय कोचिंग के तहत जेईई और नीट की कैरियर काउंसिलिंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी, जिससे छात्रों को प्रारंभ से ही प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कराई जा सकेगी।समाज कल्याण विभाग के उप निदेशक  जे. राम ने जानकारी दी कि सभी विद्यालय आधुनिक सुविधाओं से युक्त हैं, जहां छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाती है। इन स्कूलों में कम्प्यूटर, टैबलेट और अत्याधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं उपलब्ध हैं। विद्यालय यूपी बोर्ड और सीबीएसई से मान्यता प्राप्त हैं।
बालक और बालिकाओं के लिए अलग-अलग आवासीय विद्यालयों की सुविधा दी गई है, जहां विद्यार्थियों को निःशुल्क भोजन, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। प्रवेश प्रक्रिया में अनुसूचित जाति/जनजाति के लिए 60 प्रतिशत, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 25 प्रतिशत और सामान्य वर्ग के लिए 15 प्रतिशत सीटें आरक्षित रखी गई हैं।योग्य विद्यार्थी निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।