अयोध्या।प्रयागराज से लौट रहे श्रद्धालुओं की अयोध्या में भारी भीड़ है। माघ पूर्णिमा पर 30 लाख भक्त अयोध्या पहुंचे तो उसके दूसरे दिन भी भीड़ का यही हाल है। रामलला के दरबार में शाम तक 2 लाख से ज्यादा भक्त दर्शन कर चुके हैं।रात तक यह संख्या 4 लाख के पास पहुंचने का अनुमान है। रामपथ और भक्ति पथ की बात छोड़िए अयोध्या की गलियों में भी भीड़ के कारण पैदल चलना मुश्किल बना हुआ है।भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अब पुलिस श्रद्धालुओं का सहयोग ले रही है। भक्तों के साथ पुलिस की चेन बनाकर भीड़ को धीरे-धीरे आगे बढ़ाया जा रहा है। जिससे भीड़ के दौरान कोई असहज स्थिति न हो सके।अयोध्या के एसएसपी राजकरन नैय्यर खुद पुलिस टीम का मनोबल बढ़ाने के लिए मेला क्षेत्र में डटे हुए हैं।उन्होंने सरयू घाट, लता चौक के साथ तुलसी उद्यान के पास घंटों खड़े रहकर भीड़ नियंत्रण किया।उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कोई परेशानी न होने पाए इसको लेकर हम सब निरंतर टीम वर्क कर रहे हैं।एडीएम सिटी सलिल पटेल सुबह भीड़ को राम की पैड़ी बैरियर के पास नियंत्रित करते दिखे। इसी तरह रैपिड एक्शन फोर्स और एसएसबी के जवानों को भीड़ नियंत्रण के लिए लगाया गया है। अयोध्या कोतवाल मनोज शर्मा ने कुछ भक्तों को पेयजल और बिस्किट देकर उनका सहयोग किया। उन्होंने वे नया घाट पर भीड़ नियंत्रित करते दिखे।