22 नवंबर को शाम 6 बजे बजेगा सायरन, बस्ती में होगा ब्लैकआउट
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती । जनपद में 22 नवंबर को शाम 6 बजे सायरन बजते ही ब्लैकआउट का पूर्वाभ्यास शुरू होगा। सिविल डिफेंस एयर रेड एवं ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज-2026 के तहत आयोजित इस अभ्यास को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाष भारती की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अभ्यास की तैयारियों की समीक्षा कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उन्होने निर्देश दिया कि मॉक एक्सरसाइज को प्रभावी, व्यवस्थित एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। पुलिस, नागरिक सुरक्षा, विद्युत, अग्निशमन, स्वास्थ्य तथा नगर निकाय के अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा व्यवस्था, त्वरित प्रतिक्रिया तथा विभागों के बीच समन्वय की क्षमता को परखने के लिए यह अभ्यास महत्वपूर्ण है।
सायरन बजते ही बंद करनी होगी लाइट-
22 नवंबर को शाम 6 बजे सायरन बजने के साथ ही मॉक एक्सरसाइज प्रारंभ होगी। इसके तहत निर्धारित अवधि के लिए ब्लैकआउट का अभ्यास किया जाएगा। नागरिकों को अपने घरों, दुकानों एवं प्रतिष्ठानों की लाइटें बंद रखने तथा रोशनी को बाहर दिखाई देने से रोकने संबंधी निर्देशों का पालन करना होगा। नागरिक सुरक्षा विभाग के स्वयंसेवक और वार्डन भी निर्धारित व्यवस्था के तहत सक्रिय रहेंगे।
अफवाहों से बचें, प्रशासन का करें सहयोग-
मुख्य राजस्व अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि सायरन की आवाज सुनकर किसी प्रकार की घबराहट न करें। यह वास्तविक आपातस्थिति नहीं, बल्कि सुरक्षा तैयारियों को परखने के लिए आयोजित पूर्वाभ्यास है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि शाम छह बजे सायरन बजने पर निर्धारित सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और अभ्यास को सफल बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।
बैठक में उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, नागरिक सुरक्षा विभाग के चीफ वार्डेन डा. कुलदीप सिंह, डिप्टी चीफ वार्डेन डा. वी.के. वर्मा सहित आपदा विशेषज्ञ रंजीत रंजन, यातायात, विद्युत, अग्नि सुरक्षा से संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
———-




Views Today : 29662
Who's Online : 15