पति का फर्जी हस्ताक्षर बनाकर धोखाधड़ी से कूटरचित फर्जी वसीयतनामा तैयार करने का आरोप

 

बस्ती । दुबौलिया थाना क्षेत्र के सहिजनपुर निवासी पाटन देवी पत्नी स्व. चन्द्र प्रकाश ने तीन लोगों पर सम्पत्ति हड़पने की नीयत से उसके मृत पति का फर्जी हस्ताक्षर बनाकर धोखाधड़ी से कूटरचित, फर्जी वसीयतनामा तैयार कराने का आरोप लगाया है। उसके अनुसार सहिजनपुर निवासी हरि प्रसाद, उसके पुत्र हरिशंकर ने नगर थाना क्षेत्र के बक्सर गांव निवासी सूर्य नारायण के साथ मिलकर उसके पति का फर्जी हस्ताक्षर बनाकर हर्रैया तहसील कार्यालय में धोखाधड़ी, कूटरचित, फर्जी वसीयतनामा तैयार करा लिया। वर्तमान में अपने पिता के घर हर्रैया थाना क्षेत्र के सहसराव में रह रही पीड़िता ने मामले में पुलिस को तहरीर दी। 12 फरवरी 2004 से 5 जुलाई 2023 के बीच हुए धोखाधड़ी के मामले में आरोपियों ने जब कोई कार्रवाई नहीं की तो न्याय के लिए उसने कोर्ट की शरण लिया। कोर्ट के आदेश पर हर्रैया पुलिस आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूट रचना सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना कर रही है।