बेटे ने शराब के लिए पैसा न देने पर कुल्हाड़ी से मां को मार डाला


कोतवाली इलाके में शराब पीने लिए पैसा न देने पर एक बेटे मां को कुल्हाड़ी से कई वारकर मार डाला। इतना ही नहीं उसने बेरहमी से अपनी मां का चेहरा भी कूच दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। देर शाम हुई इस वारदात से गांव में कोहराम मचा है। घटना लहरपुर कोतवाली इलाके के ग्राम भदफर निवासी दिवाकर उर्फ संतोष कश्यप (30) पुत्र स्व. शंभू दयाल कश्यप ने गुरुवार की देर शाम शराब पीने के लिए अपनी मां से पैसे मांगे। मां मूला देवी (65) ने पैसे देने से मना कर दिया। जिससे दिवाकर आग बबूला हो गया। उसने घर में रखे कुल्हाड़ी से मां के चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। जिसके चलते मौके पर ही मां की मौत हो गई। बेटे ने मां के चेहरे पर इस कदर वार किए हैं, कि उसकी तस्वीर देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएंगे। वारदात के बाद शराब के नशे में धुत बेटा घर में ही मां की लाश के पास बैठा रहा। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। घटना के बाद से गांव में मातम पसरा है। मृतका की बेटी कुसुमा ने बताया कि उसके पिता की मौत करीब 20 साल पहले हुई थी। रात में मेरे भाई ने अम्मा पर हमला कर उसे मार डाला। पड़ोसी सब लेकर अस्पताल गए तो रात में डॉक्टरों ने 1 बजे मृत घोषित कर दिया। हम लोगो को गांव वालो ने सूचना दी हैं। पुलिस ने कमरे को सील कर दिया है। मेरे भाई ने अम्मा को मार डाला है। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी प्रकाश कुमार ने बताया कि मृतका की बेटी की तहरीर के आधार पर बेटे के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस वारदात के पीछे अभी तक अहम वजह सामने नहीं आई है।