महाकुंभ 2025 को लेकर तैयारियां तेज उत्तर प्रदेश सरकार 

लखनऊ। महाकुंभ-वर्ष 2025 को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से वहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के उपचार की विशेष व्यवस्था की जा रही है। चौबीस घंटे इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 407 डॉक्टरों व 746 पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की जा रही है। महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य की देखभाल का भी विशेष इंतजाम किया गया है।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के निर्देश पर यहां स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ और बाल रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की जा रही है। मेला क्षेत्र में तीन शिफ्ट में 48 महिला चिकित्सकों को तैनात होंगी। सेंट्रल अस्पताल में लेबर रूम की भी स्थापना की जा रही है। 100 बेड का अस्थायी अस्पताल बनाया जा रहा है। इसमें 30 बेड महिलाओं के लिए और 10 बेड बच्चों के लिए आरक्षित किए गए हैं।

15 बेड बच्चों के लिए होंगे आरक्षित

सब सेंट्रल अस्पताल में 10 बेड महिलाओं के लिए और तीन बेड बच्चों के लिए आरक्षित किए गए हैं। ऐसे ही सेक्टर अस्पतालों में आठ बेड महिलाओं व दो बेड बच्चों के लिए आरक्षित किए गए हैं। ऐसे में कुल 48 बेड महिलाओं व 15 बेड बच्चों के लिए आरक्षित रहेंगे। तीन शिफ्ट में छह-छह स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ व बाल रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की जा रही है। फिलहाल बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।