ग्रामीणों की घेरेबन्दी से अपहृत छात्रा बरामद

जौनपुर (आरएनएस )। जिले के सिकरारा क्षेत्र के एक गांव से चार दिन पहले भगाई गई छात्रा को शुक्रवार भोर में ग्रामीणों ने सतर्कता से  पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। घटना के बाद आरोपी युवक फरार हो गया। पुलिस मामले में मुकदमा दर्जकर छानबीन कर रही है। ज्ञात हो कि बीते आठ अप्रैल को क्षेत्र के एक गांव की स्नातक प्रथम वर्ष की छात्रा कालेज पढ़ने गई थी, घर नहीं लौटी तो परिजन आस-पास खोजबीन करने के बाद थाने पर गुमशुदगी का रिपोर्ट दर्ज करा दिए। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी थी। इसी बीच परिजनों ने थाने पर पहुंचकर जानकारी दी कि छात्रा को कालेज आते-जाते दूसरे संप्रदाय का युवक परेशान करता था।   जब पुलिस ने युवक के घर दबिश दी तो वह नहीं मिला, उसका मोबाइल भी बंद मिल रहा था। पुलिस बाजार व काॅलेज के आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही थी। बृहस्पतिवार की देर शाम युवती के परिजनों के साथ दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने आरोपित युवक को घेरकर छात्रा के बारे में जानकारी ले रहे थे। इसी दौरान पुलिस मौके पर पहुंच गयी। ग्रामीणों को शांत कराया, इसके बाद आरोपित के परिजनों पर छात्रा को वापस कराने का दबाव बनाया। छात्रा के नहीं मिलने पर पुलिस लौट गई लेकिन ग्रामीण और परिजनों को विश्वास था कि युवती इसी परिवार में है। वे आरोपित के घर के आसपास रातभर पहरा देते रहे। शुक्रवार भोर में उनका संदेह सही निकला जब आरोपित के परिजन नकाब पहने लड़की को चुपके से कहीं ले जाने की फिराक में दिखाई दिए। पहरा दे रहे ग्रामीणों को शक हुआ। उन्होंने नकाब खुलवाया तो वह छात्रा निकली जो अर्धबेहोशी की हालात में थी। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर युवती को थाने ले आई और कुछ औपचारिकता के बाद परिजनों को सौंप दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *