चूहे ने बंद कराई बिजली आपूर्ति,  पानी को तरसे शहरी

आर0एन0एस0प्रतापगढ़। हर जगह नाक में दम करने वाले चूहों ने अब बिजली घर को निशाना बनाया है। सोमवार को रूपापुर उपकेंद्र के पैनल में एक चूहा घुस गया जिसके कारण दो घंटे तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप रही। लोग बूंद बूंद पानी को तरसे। हैंडपंप सहारा बने। बिजली के अधिकारी और कर्मचारियों को बिजली बहाल करने में काफ़ी मशक्कत करनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार भोर में करीब पांच बजे अचानक से रूपापुर उपकेंद्र से लाइट कट गई। इससे जुड़े इलाके सियाराम कालोनी, जोगापुर, गोपालपुर आदि में सुबह सुबह लाइट कटने से सबसे अधिक दिक्कत पानी की आई। घरों में सारा काम रुक गया था। काफी देर तक बिजली नहीं आई। लोगों ने पावर हाउस फोन किया। नम्बर बंद आ रहा था। अफसरों से बात हुई पता चला कि एक चूहा सुबह से उपकेंद्र के पैनल में घुस गया है। जिससे इनकमिंग में फाल्ट आ गया है। फाल्ट को ढूंढा जा रहा है। उसके ठीक होने के बाद ही सप्लाई हो पाएगी। जानकारी होने पर नौकरी, पेशा और मजदूरी करने वालों को चिंता बढ़ गई। गृहणी सबसे अधिक परेशान हुई। जिन्होंने सुबह उठकर  टंकी भर लिया था। उनके लिए तो राहत थी। जो चूके वो हैंडपंप पर पहुंचे। हालांकि करीब सात बजे लाइट आ गई। जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। इस बारे में पावर हाउस के जेई संदीप कुमार का कहना है कि पैनल में चूहा घुस गया था। जिससे फाल्ट आ गया था। समय रहते उसे ठीक कर लिया गया था।
पैनल की केबल के लिए बनी बिल के सहारे चूहा पैनल तक पहुंचने में कामयाब रहा। जानकार बताते हैं कि पैनल पर बैठने से फाल्ट आया था। किसी तरह से चूहे को निकाला गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *