बस्ती। श्री राम जन्मभूमि से मखौड़ा धाम तक श्री राम अवतरण कॉरिडोर बनाने का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बुधवार को पेश किए गए अनुपूरक बजट 2023-24 में श्री राम अवतार कॉरिडोर के लिए एक लाख रुपए का प्रतीक आवंटन किया गया है। जल्द ही इसके लिए बजट उपलब्ध करा कर निर्माण शुरू कराया जाएगा।
यह जानकारी देते हुए गुरुवार को हरैया विधायक अजय सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री और विभाग के अधिकारियों से काफी प्रयास के बाद जब कॉरिडोर बनाने को लेकर कोई स्पष्ट उत्तर नहीं मिला तो नियम 51 के तहत विधानसभा में कॉरिडोर निर्माण को लेकर प्रश्न उठाया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से विमर्श करने के उपरांत सहमति देते हुए निर्देश दिया कि जल्द से जल्द श्री राम अवतरण कॉरिडोर का लागत सहित विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया जाए। जिसके क्रम में तत्कालीन जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बीते 4 सितंबर को विस्तृत आख्या शासन को उपलब्ध कराई थी। जिलाधिकारी द्वारा शासन को उपलब्ध कराए गए विस्तृत आख्या को स्वीकृति प्रदान करते हुए मुख्यमंत्री ने अनुपूरक बजट में श्री राम कॉरिडोर निर्माण के लिए एक लाख रुपए का प्रतीक आवंटन किया। अजय सिंह ने बताया कि कॉरिडोर के भव्य निर्माण के लिए सरकार द्वारा आवश्यक बजट उपलब्ध कराया जाएगा इसके उपरांत शीघ्र इसका निर्माण शुरू होगा। प्रस्तावित कॉरिडोर को बौद्ध परिपथ एवं रामायण परिपथ से जोड़ा जाएगा अयोध्या से लेकर और मखौड़ा धाम तक संपूर्ण क्षेत्र में पर्यटन का विकास होगा। अर्थव्यवस्था और स्थानीय लोगों के रोजगार के लिए सरकार का यह बड़ा कदम है। इस निर्णय से जन मानस में प्रसन्नता की लहर है।