खलीलाबाद पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई, 220 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद

खलीलाबाद पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई, 220 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद

 

डीसीएम में सेब की पेटियों के बीच ले जाई जा रही थी शराब, दो आरोपी गिरफ्तार

 

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने टीम को ₹25 हजार नकद पुरस्कार देने की घोषणा की

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली खलीलाबाद पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 17 अक्टूबर 2026 को मगहर हाईवे पर डीघा बाईपास के पास अंजान शहीद बाबा मजार के निकट चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने एक डीसीएम ट्रक से उत्तराखंड निर्मित 220 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। ट्रक में 115 पेटी सेब भी लदे हुए थे। पुलिस ने शराब, सेब, दो मोबाइल फोन, 800 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त डीसीएम ट्रक को कब्जे में लिया है।

 

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के निकट पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद जयप्रकाश दुबे और एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक रजनीश राय के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर डीसीएम ट्रक संख्या UP62CT5414 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान 220 पेटियों में कुल 4,608 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा लगभग 1,964.88 लीटर बताई गई है। इसके अलावा 115 पेटी सेब बरामद हुए, जिनका कुल वजन करीब 1,035 किलोग्राम है।

 

अलीगढ़ और बिहार के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी

 

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश कुमार जाटव पुत्र नाहर सिंह जाटव, निवासी कसेरी मिलट रामनगर, थाना गंगीरी, जनपद अलीगढ़ तथा अनुप चौहान पुत्र कोमल, निवासी नुनीया टोला हारना टार, थाना दरौली, जनपद सिवान, बिहार के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ कोतवाली खलीलाबाद में मुकदमा अपराध संख्या 954/2026 के तहत उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) और 63 में अभियोग पंजीकृत किया गया है।

 

पूछताछ में सामने आया हरियाणा से सिलीगुड़ी तक पहुंचाने का मामला

 

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आकाश कुमार जाटव ने बताया कि 13 अक्टूबर को उसके मोबाइल पर फोन आया था। फोन करने वाले ने स्वयं को यादव जी बताते हुए हरियाणा से सेब और शराब लदी डीसीएम को सिलीगुड़ी पहुंचाने के बदले 23 हजार रुपये किराया देने की बात कही थी। 14 अक्टूबर को शाहाबाद, हरियाणा पहुंचने पर उसे रास्ते के खर्च के लिए पांच हजार रुपये दिए गए तथा शेष 18 हजार रुपये माल पहुंचने के बाद देने की बात कही गई।

 

आकाश के अनुसार, 15 अक्टूबर को पीलीभीत के पास पहुंचने पर यादव जी के निर्देश पर उसने एक लाइन होटल पर डीसीएम खड़ी कर दी। वहां अनुप चौहान उसके साथ सिलीगुड़ी जाने के लिए आया। अनुप चौहान ने पूछताछ में बताया कि वह छपरा क्षेत्र में सोन नदी से बालू निकालने के काम में वाहन चलाता है। उसके अनुसार, बुलट यादव नामक व्यक्ति ने उसे फोन कर पीलीभीत से सेब और अंग्रेजी शराब लदी डीसीएम सिलीगुड़ी पहुंचाने के बदले 18 हजार रुपये देने की बात कही थी। उसने संबंधित व्यक्ति से तीन हजार रुपये ऑनलाइन प्राप्त किए और ट्रेन से लखनऊ तथा बस से पीलीभीत पहुंचा।

 

पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर को मोबाइल नंबर 7398710680 से मिले निर्देश पर अनुप पीलीभीत स्थित लाइन ढाबे पर पहुंचा, जहां आकाश कुमार जाटव के साथ डीसीएम से सिलीगुड़ी के लिए रवाना हुआ। इसी दौरान संतकबीरनगर पुलिस ने मगहर में दोनों को पकड़ लिया।

 

दो अन्य आरोपियों की तलाश में टीम गठित

 

पुलिस के मुताबिक, मामले में यादव जी और बुलट यादव नाम के दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

 

इन पुलिसकर्मियों ने की कार्रवाई

 

कार्रवाई करने वाली कोतवाली खलीलाबाद पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दुबे, उपनिरीक्षक विनोद कुमार यादव, उपनिरीक्षक धर्मनाथ यादव, हेड कांस्टेबल कर्मचन्द्र चौधरी, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार, कांस्टेबल प्रदीप पटेल, कांस्टेबल रजनीश यादव, कांस्टेबल अनुप कुमार, कांस्टेबल रमेश यादव, कांस्टेबल कृष्ण नारायन गोड़ और कांस्टेबल प्रशान्त विक्रम सिंह शामिल रहे।

 

एसओजी टीम में प्रभारी उपनिरीक्षक रजनीश राय, हेड कांस्टेबल धनन्जय श्रीवास्तव, हेड कांस्टेबल विवेक राय, हेड कांस्टेबल अनुप राय, कांस्टेबल अभिषेक सिंह, कांस्टेबल सर्वेश मिश्रा, कांस्टेबल दीपक सिंह, कांस्टेबल शुभम कुमार और कांस्टेबल विवेक मिश्रा शामिल रहे।

 

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करने के लिए 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।