श्री हनुमत संस्कृत महाविद्यालय के विद्यार्थियों को मिली सौगात, यूको बैंक के प्रबंध निदेशक ने भेंट किए पंखे

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। श्री हनुमत संस्कृत स्नातकोत्तर महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। यूको बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य अतिथि राजेंद्र कुमार साबू ने महाविद्यालय के विद्यार्थियों को अध्ययन में सहूलियत प्रदान करने के उद्देश्य से पंखे भेंट किए। इस नेक पहल से विद्यार्थियों और महाविद्यालय परिसर में हर्ष का माहौल है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि राजेंद्र कुमार साबू ने कहा, “संस्कृत भाषा हमारी प्राचीन संस्कृति और संस्कारों की रीढ़ है। इन विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारा सौभाग्य है, ताकि वे बिना किसी बाधा के अपनी पूरी निष्ठा के साथ अध्ययन कर सकें।”वहीं, महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. महेश दास महाराज ने इस अवसर पर बैंक प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “यूको बैंक के प्रबंध निदेशक महोदय द्वारा छात्रों के हित में उठाया गया यह कदम अत्यंत सराहनीय है। इससे न केवल विद्यार्थियों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी, बल्कि उनका पठन-पाठन का माहौल भी और अधिक अनुकूल बनेगा।”
गरिमामयी उपस्थिति एवं स्वागत
कार्यक्रम का शुभारंभ उपस्थित अतिथियों के हार्दिक स्वागत और अभिनंदन के साथ हुआ। इस अवसर पर सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी, अयोध्या के गद्दीसीन महन्त प्रेम दास जी महाराज और यूको बैंक अंचल कार्यालय अयोध्या की अंचल प्रमुख श्रीमती प्रियंका यादव की विशिष्ट उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया।