₹25 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार, चोरी के मामलों में रहा है वांछित
बहराइच, 20 सितंबर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कैसरगंज पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट से संबंधित ₹25 हजार के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध चोरी सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह एवं क्षेत्राधिकारी कैसरगंज डीके श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष कैसरगंज राजकुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक, कैसरगंज थाना क्षेत्र के धोबियनपुरवा गो.नं.-01 निवासी सीताराम पुत्र जियालाल (38 वर्ष) के विरुद्ध मु0अ0सं0 291/2026 में धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस अधीक्षक द्वारा 16 सितंबर 2026 को उसकी गिरफ्तारी पर ₹25 हजार का पुरस्कार घोषित किया गया था।
पुलिस टीम ने 20 सितंबर को कार्रवाई करते हुए पुरस्कार घोषित वांछित अभियुक्त सीताराम को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय बहराइच भेज दिया गया।
पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध बौंडी, फखरपुर और कैसरगंज थानों में वर्ष 2019 से 2026 तक कुल 14 अभियोग दर्ज हैं। इनमें चोरी, नकबजनी समेत अन्य धाराओं के मामले शामिल हैं। इनमें कई मुकदमे कैसरगंज थाने में दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष राजकुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक भानू प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल स्वामीनाथ खरवार, हेड कांस्टेबल राजवीर सिंह, कांस्टेबल सौम्य श्रीवास्तव, कांस्टेबल अभिषेक तिवारी और कांस्टेबल जंग बहादुर वर्मा शामिल रहे।