सनातन परम्परा में शंख ध्वनि के साथ हुआ भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी का स्वागत
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी के गृह जनपद आगमन पर बस्ती की सीमा से लेकर विभिन्न क्षेत्रों में हुए स्वागत कार्यक्रमों के बीच हर्रैया-छावनी क्षेत्र में हुआ एक स्वागत कार्यक्रम खास चर्चा का विषय बना रहा। टोल प्लाजा चौकड़ी पर वरिष्ठ भाजपा नेता चन्द्रमणि पाण्डेय ‘सुदामा’ के नेतृत्व में आयोजित स्वागत में सैकड़ों छात्राओं ने फूल एवं आरती की थालियां लेकर पारंपरिक तरीके से अभिनंदन किया। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और सनातनी परंपरा के अनुरूप हुए आयोजन ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
क्षेत्रीय लोगों के अनुसार, स्वागत में हर्रैया एवं छावनी विकासखंड के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, विद्यालयों के प्रबंधक, प्रधानाचार्य एवं शिक्षक सहित हजारों लोग छह घंटे से अधिक समय तक हरीश द्विवेदी के आगमन की प्रतीक्षा करते रहे। क्षेत्रवासियों ने कहा कि राजनीतिक स्वागत कार्यक्रमों में भीड़, मंच, माइक, माल्यार्पण, बुल्डोजर से पुष्पवर्षा और मनोरंजन कार्यक्रम तो सामान्य रूप से देखने को मिलते हैं, लेकिन इतनी लंबी प्रतीक्षा के बावजूद अनुशासित ढंग से सनातनी परंपरा के अनुरूप भक्तिमय वातावरण में हुआ स्वागत उन्होंने पहली बार देखा।
ज्ञात हो कि हरीश द्विवेदी के स्वागत के लिए पूरे जनपद में कुल 151 स्थानों पर अलग-अलग कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों को जिम्मेदारी दी गई थी। घघौवा पुल पर जिले की सीमा से लेकर विक्रमजोत, छावनी, हर्रैया और कप्तानगंज तक विभिन्न स्थानों पर जोरदार स्वागत हुआ। कई स्थानों पर बुल्डोजर से पुष्पवर्षा भी की गई। मुरादीपुर चौराहे पर वरुण सिंह के नेतृत्व में हुए स्वागत को भी लोगों ने खासा सराहा और वहां का दृश्य दीपावली जैसा नजर आया।
हालांकि, इन सभी आयोजनों के बीच टोल प्लाजा चौकड़ी पर चन्द्रमणि पाण्डेय ‘सुदामा’ के नेतृत्व में हुआ स्वागत अपनी अलग शैली के कारण चर्चा में रहा। यहां स्वागत के लिए सैकड़ों मालाओं के साथ 51 किलो की विशाल माला और करीब 11 किलो गुलाब की पंखुड़ियों की व्यवस्था की गई थी। आयोजन स्थल पर न कोई भव्य पंडाल था, न बड़ा मंच, न बुल्डोजर और न ही तामझाम वाला मनोरंजन कार्यक्रम। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग स्वयं पहुंचते रहे। विशेष आकर्षण का केंद्र कालेज आफ फार्मेसी की सैकड़ों छात्राएं रहीं, जो हाथों में फूल एवं आरती की थालियां लेकर कतारबद्ध खड़ी थीं। क्षेत्रीय पुरोहितों के साथ अयोध्या धाम से आए आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं शंखनाद किया। इससे स्वागत स्थल पर धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण बन गया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के दर्जनों विद्यालयों के प्रबंधक, प्रधानाचार्य एवं शिक्षक, ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य भी मौजूद रहे। कालेज आफ फार्मेसी से जुड़े मोहम्मद शहजाद, गजाधर सिंह, अंगद सिंह के साथ विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रबंधकों की सहभागिता भी देखने को मिली। अंगद सिंह इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुभाष त्रिपाठी, यूनिक एकेडमी के गिरजेश मिश्र और पैरामाउंट के बी.एन. वर्मा सहित क्षेत्र के कई शिक्षाविद एवं शिक्षण संस्थानों से जुड़े लोग आयोजन में शामिल रहे।