बरावफात को लेकर कलवारी थाने में पीस कमेटी की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। आगामी बरावफात पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को थाना कलवारी परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार ने किया।
बैठक में थाना क्षेत्र के समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी, ग्राम प्रधान, संभ्रांत नागरिक, जुलूस आयोजक, डीजे संचालक, चौकीदार तथा पत्रकार बंधु उपस्थित रहे। प्रभारी निरीक्षक ने सभी से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए त्योहार को शांति और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की।
इस दौरान उपस्थित लोगों को उच्चाधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया तथा स्पष्ट किया गया कि कानून व्यवस्था भंग करने वाले उपद्रवी तत्वों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में बरावफात के अवसर पर ग्राम सभाओं में संभावित समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली गई और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का आह्वान किया।