रामबाग में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस

रामबाग में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती। सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रामबाग-बस्ती में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंध समिति के प्रबंधक डॉ. सुरेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा ध्वजारोहण से हुआ। इसके पश्चात जयघोष एवं राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया।

इस अवसर पर डॉ. सुरेन्द्र प्रताप सिंह ने छात्रों, अभिभावकों, आचार्यों, कर्मचारियों एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्रहित में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक मा. ऋषि जी, विभाग कार्यवाह श्री आशीष जी, जिला प्रचारक मा. सर्वेन्द्र जी, विद्यालय प्रबंध समिति के कोषाध्यक्ष श्री प्रहलाद मोदी, तीनों विद्यालयों के प्रधानाचार्य, श्री गौरी शंकर पाण्डेय, श्री अरविन्द त्रिपाठी, श्रीमती लता जी, श्री भवानी प्रसाद शुक्ल, श्री राजेश मिश्र सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का परिचय विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री गोविन्द सिंह ने कराया। उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए विद्यार्थियों से देश की गौरवशाली परंपराओं एवं मूल्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत सरस्वती माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन किया गया। विद्यालय के छात्रों ने अनेक मनमोहक देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। हिंदी, संस्कृत एवं अंग्रेजी में छात्रों द्वारा प्रभावशाली भाषण भी प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

मंचासीन अतिथि एवं विद्यालय प्रबंध समिति के कोषाध्यक्ष श्री प्रहलाद मोदी ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक भारतीय के लिए राष्ट्र सर्वोपरि होना चाहिए। हमारा संकल्प ‘श्रेष्ठ भारत’ का होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारा राष्ट्रीय ध्वज सदैव ऊँचा लहराता रहे और भारत विश्वगुरु बने, इसके लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक मा. ऋषि जी ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में कहा कि हमें अपने जीवन में एक संकल्प और जोड़ना चाहिए कि हम आने वाले समय में स्वयं की ही उत्कृष्ट कृति बनें। तभी हमारा भारत विश्वगुरु बनने के पथ पर तेजी से अग्रसर होगा।

विद्यालय के अंग्रेजी विषय के आचार्य श्री अंशुमान त्रिपाठी के मार्गदर्शन में विद्यालय के छात्रों ने हिंदी एवं अंग्रेजी में कार्यक्रम का सफल संचालन किया। विद्यालय के उप प्रधानाचार्य श्री विजय नारायण उपाध्याय ने सभी अतिथियों एवं आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

सामान्य सूचनाओं एवं शांति मंत्र के पश्चात् कार्यक्रम का समापन हुआ। अंत में उपस्थित सभी लोगों को मिष्ठान वितरित किया गया। इस प्रकार स्वतंत्रता दिवस समारोह राष्ट्रभक्ति, उत्साह एवं उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।