साइबर सेल खलीलाबाद की कार्रवाई, पीड़ित को 3000 रुपये वापस
मोबाइल हैक कर खाते से उड़े पैसे, पुलिस पैरवी से पूरी रकम बरामद
संदीप कुमार मीना के निर्देशन में साइबर अपराध पर सख्ती, टीम को सफलता
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली खलीलाबाद की साइबर सेल टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए एक पीड़ित को बड़ी राहत दिलाई है। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में चल रही कार्रवाई के क्रम में साइबर सेल ने ठगी का शिकार हुए व्यक्ति के खाते में 3000 रुपये की पूरी धनराशि वापस कराई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रंजित पुत्र रामलखन निवासी गुलरिहा मिश्रौलिया, थाना कोतवाली खलीलाबाद के मोबाइल फोन को अज्ञात व्यक्ति द्वारा हैक कर उनके बैंक खाते से धनराशि फ्रॉड खाते में स्थानांतरित कर ली गई थी। इस संबंध में पीड़ित ने कोतवाली खलीलाबाद में शिकायत दर्ज कराई थी।
साइबर हेल्प डेस्क पर तैनात आरक्षी रविकान्त कुशवाहा ने तत्परता दिखाते हुए NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज की और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस की प्रभावी पैरवी के चलते 3000 रुपये की पूरी धनराशि सफलतापूर्वक पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दूबे, अपराध निरीक्षक वीरेन्द्र कुमार यादव (प्रभारी साइबर सेल), आरक्षी रविकान्त कुशवाहा, महिला आरक्षी शिवांगी सिंह, आरक्षी अनुज शुक्ला व आरक्षी ऋतिक वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या लालच में न आएं। साइबर ठगी होने पर तत्काल Cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।