संस्कृति बोध परियोजना अभियान का शुभारम्भ
भारतीय संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन का लिया गया संकल्प
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रामबाग, बस्ती की वन्दना सभा में आज संस्कृति बोध परियोजना अभियान का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, संस्कृत भाषा, जीवन मूल्यों एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के विषय में विस्तार से प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं वन्दना के साथ हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री गोविन्द सिंह जी ने अतिथियों का परिचय कराते हुए कार्यक्रम की प्रास्ताविकी प्रस्तुत की तथा अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि के रूप में विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के संस्कृति बोध परियोजना के क्षेत्रीय अभियान प्रमुख श्री राजेन्द्र देव जी उपस्थित रहे। उनका स्वागत एवं सम्मान संकुल संस्कृति बोध परियोजना प्रमुख श्री गौरीशंकर गुप्ता जी द्वारा अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर किया गया।
अपने प्रेरक उद्बोधन में श्री राजेन्द्र देव जी ने वैदिक मंत्रों के माध्यम से सूर्य उपासना का महत्व बताते हुए विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, संस्कृत भाषा, शत-प्रतिशत उपस्थिति तथा उत्कृष्ट शैक्षिक उपलब्धि के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अनेक चुनौतियों के बावजूद भारतीय संस्कृति आज भी विश्व का मार्गदर्शन कर रही है। उन्होंने “सर्वे भवन्तु सुखिनः”, विश्व बंधुत्व, समरसता एवं भारतीय जीवन मूल्यों को अपनाने का आह्वान करते हुए संस्कृति बोध परियोजना के विभिन्न आयामों की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम में पूर्णकालिक प्रान्त संस्कृति बोध परियोजना प्रमुख (गोरक्ष प्रान्त) श्री बरमेश्वर पाठक जी, प्रान्त संयोजक संस्कृति बोध परियोजना (गोरक्ष प्रान्त) श्री भानु प्रताप त्रिपाठी जी, संकुल संस्कृति बोध परियोजना प्रमुख श्री गौरीशंकर गुप्ता जी, प्रधानाचार्य श्री गोविन्द सिंह जी तथा सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, रामबाग की प्रधानाचार्या श्रीमती प्रियंका सिंह जी की विशेष रूप से उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के परीक्षा प्रमुख श्री आशीष सिंह जी ने किया तथा अंत में प्रधानाचार्य श्री गोविन्द सिंह जी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के उपरान्त क्षेत्रीय अभियान प्रमुख ने विद्यालय की प्रबंध समिति के सदस्यों, आचार्य बंधुओं, पूर्व छात्र परिषद, मातृ भारती की बहनों तथा विद्वत् परिषद के सदस्यों के साथ बैठक कर संस्कृति बोध परियोजना की कार्ययोजना एवं आगामी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की। सभी उपस्थित सदस्यों ने भारतीय संस्कृति एवं जीवन मूल्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने तथा अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।