संविधान के मूल कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश, बस्ती में 12,819 लोगों ने किया संविधान की प्रस्तावना का सस्वर वाचन
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। संविधान दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार संविधान संवाद अभियान के अंतर्गत ‘एक स्वर, एक संविधान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम राजकीय इंटर कॉलेज, बस्ती में आयोजित हुआ, जहां हजारों छात्र-छात्राओं ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना एवं मूल कर्तव्यों का सस्वर वाचन कर संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश श्री शमसुल हक ने भारतीय संविधान को सभी कानूनों का मूल स्रोत बताते हुए कहा कि भावी पीढ़ी को संविधान में निहित मूल कर्तव्यों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। युवा पीढ़ी अपने कर्तव्यों का पालन कर देश की एकता, अखंडता और मजबूती में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है। उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं को संविधान की प्रस्तावना का सस्वर वाचन कराया।
विशेष न्यायाधीश/पॉक्सो अधिनियम एवं नोडल अधिकारी श्री अनिल कुमार ने संविधान के मूल कर्तव्यों का वाचन कराते हुए राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने पर जोर दिया।
जिला विद्यालय निरीक्षक बस्ती के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में राजकीय इंटर कॉलेज, जेआरएस इंटर कॉलेज, शिव हर्ष किसान इंटर कॉलेज, बेगम खैर इंटर कॉलेज, खैर इंडस्ट्रियल कॉलेज, श्रीकृष्ण पांडेय इंटर कॉलेज, श्रीमती कृष्ण कुमार पांडेय गर्ल्स इंटर कॉलेज, उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी, श्याम बहादुर आर्य कन्या इंटरमीडिएट कॉलेज तथा राजकीय कन्या इंटरमीडिएट कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इसके अलावा एसीसी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़े स्वयंसेवकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री देवेंद्र कुमार ने संविधान संवाद अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि जूनियर एवं माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों में संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रत्येक विद्यालय में नोडल शिक्षक नियुक्त किए गए हैं। अभियान के तहत सभी विद्यालयों में सुबह नौ बजे संविधान की प्रस्तावना एवं मूल कर्तव्यों का सस्वर वाचन कराया गया। साथ ही कक्षा 9-10 तथा कक्षा 11-12 के विद्यार्थियों के लिए दो वर्गों में संविधान आधारित क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से समाज के गरीब एवं कमजोर वर्गों को उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सलाह और पैरवी की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में सहयोग करने वाले शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों तथा वरिष्ठ एवं कनिष्ठ न्यायिक अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
अभियान के तहत मुख्य कार्यक्रम स्थल राजकीय इंटर कॉलेज में 2,500 लोगों ने प्रतिभाग किया, जबकि अन्य कार्यक्रम स्थलों पर 10,319 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस प्रकार जनपद में कुल 12,819 लोगों ने संविधान संवाद अभियान में सहभागिता की।
वहीं माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार अपराह्न 1:30 बजे दीवानी न्यायालय परिसर में जनपद न्यायाधीश श्री शमसुल हक ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।







Views Today : 18942
Who's Online : 30