CBSE 12वीं में ‘सूर्या’ सीनियर सेकेंडरी स्कूल खलीलाबाद का जलवा, टॉप-10 में छात्रों ने फिर मारी बाजी
आदित्य, जसजीत और शिवांग ने बढ़ाया मान, जिले में लहराया सफलता का परचम
मेधावियों का सम्मान, प्रबंधन बोला—मेहनत और मार्गदर्शन का मिला श्रेष्ठ परिणाम
जितेंद्र पाठक
संतकबीरनगर। सीबीएसई बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम घोषित होते ही जिले के प्रतिष्ठित सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खलीलाबाद के छात्र-छात्राओं ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का नया इतिहास रच दिया। विद्यालय के मेधावियों ने जनपद की टॉप-10 सूची में अपना दबदबा कायम रखते हुए न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है।

विद्यालय के प्रतिभाशाली छात्र आदित्य पटेल ने 94.6% अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं जसजीत कौर ने 92% अंक के साथ द्वितीय स्थान और शिवांग त्रिपाठी ने 90.6% अंक लाकर तृतीय स्थान हासिल किया। इन छात्रों की उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई और पूरे क्षेत्र में गर्व का माहौल बन गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी, निदेशिका सविता चतुर्वेदी एवं प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने मेधावियों को फूल-माला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है।
प्रधानाचार्य ने भी गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर टॉप-10 सूची में स्थान बनाकर संस्था का मान बढ़ाया है। वहीं, सफल छात्र-छात्राओं ने अपनी उपलब्धि का श्रेय विद्यालय के बेहतर शैक्षणिक वातावरण और शिक्षकों के निरंतर सहयोग को दिया।
इस शानदार सफलता ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।