सीबीएसई 12वीं परीक्षा में इंडियन पब्लिक स्कूल बस्ती का शानदार प्रदर्शन, मेधावियों ने बढ़ाया मान

सीबीएसई 12वीं परीक्षा में इंडियन पब्लिक स्कूल बस्ती का शानदार प्रदर्शन, मेधावियों ने बढ़ाया मान

अनुराग लक्ष्य न्यूज

बस्ती। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा घोषित कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम में इंडियन पब्लिक स्कूल, बस्ती के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल छा गया। मेधावी छात्र-छात्राओं की सफलता पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त की।

विद्यालय के प्रबंधक कैलाशनाथ दूबे ने मेधावी विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यालय के बच्चों का परिणाम उम्मीद के अनुरूप बेहद शानदार रहा है। यह सफलता विद्यार्थियों के कठिन परिश्रम, अनुशासन, प्रतिबद्धता और जिजीविषा का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन से हर लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है तथा विद्यालय भविष्य में भी गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।

प्रधानाचार्य आर. के. उस्मानी, सुभाष चंद्रा एवं उपप्रधानाचार्य रत्नेश मिश्रा ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इंडियन पब्लिक स्कूल के मेधावियों ने लगातार कई वर्षों से उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देकर विद्यालय की गौरवशाली परंपरा को कायम रखा है। बच्चों की सफलता ने पूरे विद्यालय परिवार का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।

जारी परीक्षा परिणाम में निष्ठा उपाध्याय ने 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं निधि ने 91 प्रतिशत, आदित्य मिश्रा ने 90 प्रतिशत, दिव्यांश श्रीवास्तव एवं दीपांशा कुमारी ने 85-85 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त विद्यालय के 32 विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

विद्यालय प्रशासन ने बताया कि विद्यार्थियों की सफलता के पीछे शिक्षकों की मेहनत, अभिभावकों का सहयोग और बच्चों की निरंतर पढ़ाई का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय में छात्रों और अभिभावकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की।

इस अवसर पर प्रेम कुमार श्रीवास्तव, विनोद उपाध्याय, प्रदीप शुक्ला, अलका श्रीवास्तव, साजिदा खातून, रीना त्रिपाठी, गरिमा त्रिपाठी, सौरभ श्रीवास्तव, कृपाशंकर भट्ट, हर्षित मिश्रा, नितिन चावला, रानी अग्रहरि, स्नेहा मिश्रा, रिमझिम गुप्ता, ज्योत्स्ना पांडेय, श्रेया गुप्ता सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।