मोबाइल स्वामियों के चेहरों पर लौटी खुशी: संतकबीरनगर पुलिस ने 131 गुमशुदा मोबाइल किए बरामद, कीमत लगभग 35 लाख रुपये
मोबाइल मिलने की सूचना से झूमे लोग, पुलिस को दिया धन्यवाद
CEIR पोर्टल बना सहारा, गुम मोबाइल की चिंता हुई दूर
जितेंद्र पाठक
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद/सर्विलांस सेल अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी सर्विलांस सेल अभिमन्यु सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए 131 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 35 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा गुमशुदा मोबाइलों की बरामदगी को लेकर सर्विलांस टीम एवं थानों पर CEIR पोर्टल से जुड़े कर्मचारियों को लगातार निर्देश दिए जाते रहे, जिसके परिणामस्वरूप यह सफलता मिली। बरामद मोबाइल अलग-अलग स्थानों से खोजकर उनके असली स्वामियों को लौटाए गए।
मोबाइल मिलने की सूचना मिलते ही कई लोग खुशी से भावुक हो उठे और संतकबीरनगर पुलिस का हृदय से आभार जताया। लंबे समय से खोए मोबाइल मिलने पर लोगों के चेहरे खिल उठे।
बरामदगी: 131 मोबाइल फोन (अनुमानित कीमत लगभग 35 लाख रुपये)
महत्वपूर्ण जानकारी:
चोरी या गुम हुए मोबाइल की शिकायत CEIR.GOV.IN वेबसाइट पर दर्ज कर IMEI नंबर के माध्यम से मोबाइल को ब्लॉक या ट्रेस किया जा सकता है। शिकायत दर्ज कराने के लिए आधार कार्ड, मोबाइल का बिल, थाने में दर्ज गुमशुदगी की कॉपी, सिम नंबर, IMEI नंबर और मोबाइल का मॉडल नंबर आवश्यक होता है।
मोबाइल बरामद करने वाली टीम:
प्रभारी सर्विलांस सेल अभिमन्यु सिंह, कांस्टेबल ज्ञान प्रकाश सिंह, कांस्टेबल अमरजीत मौर्य, कांस्टेबल नितीश कुमार, कांस्टेबल पीयूष गुप्ता सहित जनपद के सभी थानों पर CEIR पोर्टल से जुड़े कर्मचारीगण।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने उत्कृष्ट कार्य के लिए टीम को प्रोत्साहित करते हुए 25,000 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।