घरेलू गैस सिलेण्डर संकट के विरोध में आप ने प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को भेजा 4 सूत्रीय ज्ञापन
बस्ती। शनिवार को बढ़ती महंगाई और घरेलू गैस सिलेण्डर की कीमतों में वृद्धि के विरोध में आम आदमी पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने कंधों पर सिलेण्डर लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद आप जिलाध्यक्ष डा. राम सुभाष वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप जायसवाल और प्रदेश सचिव पतिराम आजाद के नेतृत्व में जिलाधिकारी के प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को 4 सूत्रीय ज्ञापन भेजकर समस्याओं के निस्तारण कराने की मांग किया।
4 सूत्रीय ज्ञापन में कहा गय है कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में की गई वृद्धि को तत्काल प्रभाव से वापस लेने के साथ ही पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए ठोस और पारदर्शी नीति लागू की जाए। गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी दिये जाने के साथ ही महंगाई पर नियंत्रण के लिए केंद्र सरकार स्पष्ट और जवाबदेह नीति घोषित करे।
ज्ञापन देने के बाद आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष डा. राम सुभाष वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप जायसवाल और प्रदेश सचिव पतिराम आजाद ने कहा कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में 60 तथा कामर्शियल गैस सिलेंडर में 120 रूपये की वृद्धि ने आम जनता और छोटे व्यापारियों की परेशानी को और बढ़ा दिया है। होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े छोटे कारोबारियों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। सरकार और प्रशासन दावा कर रहा है कि घरेलू गैस का कोई संकट नहीं है जबकि लोग परेशान है और गैस के लिये लम्बी कतारे हैं। । मांग किया कि केन्द्र सरकार तत्काल प्रभाव से समस्या का समाधान निकाले।
ज्ञापन और प्रदर्शन करने वालों में चंद्रभान कनौजिया, धीरेन्द्र कुमार यादव, राम सजन सूर्यवंशी, अमित जायसवाल, उमेश कुमार शर्मा, मिथिलेश भारती, अब्दुल कयूम के साथ ही पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता शामिल रहे।